#अपराध

January 6, 2026

हिमाचल: ना ताला टूटा, ना कोई निशान... अलमारी से गायब हो गए 25 लाख के गहने

खाली डिब्बे लेकर लॉकर में रखने पहुंचा परिवार

शेयर करें:

bilaspur Theft Case

बिलासपुर। ना घर का ताला टूटा, ना अलमारी से कोई छेड़छाड़ हुई, लेकिन फिर भी घर से लाखों रुपये के गहने ऐसे गायब हो गए जैसे हवा में उड़ गए हों। हिमाचल के बिलासपुर जिले में चोरी की यह वारदात हर किसी को हैरान कर रही है। शातिर चोरों ने इतनी सफाई से हाथ साफ किया कि परिवार को लंबे समय तक भनक तक नहीं लगी। चोरी का खुलासा तब हुआ, जब परिजन गहनों के खाली डिब्बे लेकर बैंक लॉकर में रखने पहुंचे। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

25 लाख के गहने चोरी

जानकारी के अनुसार यह मामला पुलिस थाना भराड़ी के अंतर्गत बाड़ा दा घाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलाहों का है। यहां एक घर से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखे अधिकतर सोने के गहने गायब हैं, जबकि जिस स्थान पर गहने रखे गए थे वहां केवल खाली डिब्बे मिले। हैरानी की बात यह है कि घर के किसी भी ताले को नुकसान नहीं पहुंचाया गया और अलमारी भी पूरी तरह सुरक्षित पाई गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 10वीं की छात्रा की जंगल में मिली देह, हालत देख कांपी रूह- कपड़ों से हुई पहचान

शादी के लिए लॉकर से निकाले थे गहने

परिजनों ने बताया कि 29 नवंबर को शादी समारोह के चलते सभी कीमती गहने बैंक लॉकर से निकालकर घर लाए गए थे। समारोह के बाद गहनों को दोबारा लॉकर में रखने के बजाय उन्हें घर में ही सुरक्षित समझकर रख दिया गया। इसके बाद परिवार अपने रोजमर्रा के कामकाज में व्यस्त रहा।

 

यह भी पढ़ें : खत्म हुए पुराने गिले-शिकवे... जयराम को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे मंत्री जगत नेगी

कैसे हुआ चोरी का खुलासा

चोरी का पता 3 जनवरी को उस समय चला, जब परिवार के सदस्य गहनों को वापस बैंक लॉकर में जमा करवाने पहुंचे। जब डिब्बे खोले गए तो सोने के गहने नदारद थे। कुछ चांदी के गहने और एक सोने का आभूषण ही मौके पर मौजूद मिला। इसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

 

यह भी पढ़ें : देवभूमि हिमाचल पर एक और दाग: अब 16 साल की लड़की बनी मां... आधार कार्ड ने खोला राज


परिवार ने बताया कि घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, जिससे उन्हें घर की सुरक्षा को लेकर पूरा भरोसा था। इसी भरोसे के चलते कई बार घर को कुछ समय के लिए खुला छोड़ दिया जाता था। किसी को अंदेशा नहीं था कि कोई इतनी चालाकी से बिना ताला तोड़े और बिना कोई सुराग छोड़े चोरी को अंजाम दे देगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही 3 जनवरी को पुलिस थाना भराड़ी में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने अगले दिन मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि शातिर चोरों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पीड़ित परिवार को किसी पर कोई सीधा संदेह नहीं है, लेकिन उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है और लोग अपने घरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख