#अपराध
February 6, 2025
हिमाचल: जिं*दा महिला का कागजों में कर दिया अंतिम संस्कार, डे*थ सेर्टिफिकेट भी किया जारी
घर पहुंचे इंश्योरेंस कर्मी से बोली महिला "मैं तो अभी जिंदा हूं"
शेयर करें:
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां एक जिंदा महिला का कागजों में अंतिम संस्कार कर दिया गया। महिला के दाह संस्कार के लिए लकड़ी लेने को दो लोगों के गवाह के रूप में साइन भी हुए। इस सब के बाद महिला के नाम का डेट सर्टिफिकेट यानी मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया गया। अब यह महिला अपने जिंदा होने का प्रमाण देने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रही है। मामला सोलन शहर के साथ लगते सलोगड़ा का है।
दरअसल इस मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला के नाम पर जीवन बीमा पॉलिसी की रकम जारी करने के लिए इंश्योरेंस कंपनी का एक कर्मचारी दस्तावेज लेने और सत्यापन के लिए महिला के घर पहुंचा। इंश्योरेंस कंपनी का कर्मी घर आया और महिला से पॉलिसी संबंधित कागजात मांगने लगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की फजीहत: पेमेंट ना मिली तो ठेकेदार ने सरकारी दफ्तर से उठा लिया फर्नीचर
महिला ने पूछा कि तुम्हे यह कागज क्यों चाहिए, तो इंश्योरेंस कर्मी बोला कि पॉलिसी करवाने वाली महिला की मौत हो चुकी है। ऐसे में पॉलिसी की रकम को जारी करने के लिए उन्हें यह कागजात चाहिए। इंश्योरेंस कर्मी की बात सुन कर महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला तुंरत ही बोल पड़ी मैं तो अभी जिंदा हूं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क का काम बंद, सुक्खू सरकार ने नहीं की थी पेमेंट
महिला तुरंत ही अपना मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने वाले सोलन नगर निगम कार्यालय में पहुंच गई। महिला को जिंदा देख कर कार्यालय में भी हड़कंप मच गया। जिसके बाद नगर निगम सोलन ने मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। पुलिस ने नगर निगम की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
आशंका जताई जा रही है कि जीवन बीमा पॉलिसी की रकम हड़पने के लिए यह सारा खेल रचा गया होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि किसने महिला के नाम पर श्मशानघाट में लकड़ी खरीदी और किसन डेथ सेर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया था। वहीं महिला के नाम पर श्मशानघाट में किसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस इन सब मामलों की जांच में जुट गई है।
यह सारा मामला पांच जनवरी का बताया जा रहा है। जब महिला के नाम पर उसके दाह संस्कार के लिए श्मशानघाट से लकड़ी खरीदी गई। इसके लिए महिला का आधार कार्ड और मोक्षधाम चंबाघाट में फॉर्म.2 भी भरा गया। इस फार्म पर दो प्रत्यक्षदर्शियों के हस्ताक्षर भी हुए। इसके कुछ ही दिन बाद महिला का मृत्यु का प्रमाणपत्र बनाने के लिए एक परिजन के हस्ताक्षर का आवेदन नगर निगम सोलन में आया। जिसके साथ महिला का आधार कार्ड और फॉर्म 2 भी लगा था। जिसके आधार पर नगर निगम ने महिला का मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया।
नगर निगम में उस समय हड़कंप मच गया जब महिला खुद अपना मृत्यु प्रमाणपत्र रद्द करवाने के लिए पहुंच गई। महिला ने अपना आधार कार्ड भी दिखाया। इस दौरान महिला के परिजनों ने नगर निगम से सख्त सवाल भी किए। महिला ने नगर निगम में अपना मृत्यु प्रमाणपत्र रद्द करने की मांग के साथ इस तरह का खेल खेलने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अस्पताल में डिलवरी के बाद मां-नवजात ने तोड़ा दम, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
वहीं इस मामले में नगर निगम सोलन के सहायक आयुक्त बिमला वर्मा ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। नगर निगम ने जब इस बारे में शमशानघाट में तैनात कर्मी से भी पूछताछ की है, तो उसने बताया कि उसने कागजात लेने और फॉर्म भरने के बाद लकड़ियां दी है।
नगर निगम के अनुसार महिला के मृत्यु प्रमाणपत्र की पांच प्रतियां भी ली गई हैं। यह प्रतियां किसने ली हैं, उसके साइन भी हुए हैं। वहीं फॉर्म संख्या-2 पर प्रत्यक्षदर्शियों के नंबर पर भी संपर्क किया जा रहा है। वहीं इस पूरे मामले में थाना प्रभारी हंसराज रुंगटा ने कहा कि नगर निगम से शिकायत आई है। मामले में जांच चल रही है।