#अपराध
August 14, 2025
हिमाचल की बेटी को उठा ले गया जम्मू नंबर की गाड़ीवाला, भाई के साथ जा रही थी घर...
ट्रैक्टर पर जा रहे थे भाई-बहन, रास्ता रोक स्कॉर्पियो वाले ने की बदसलूकी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में आज एक ऐसा अपहरण हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। जवाली थाना क्षेत्र के मिरथल गांव में एक नाबालिग लड़की को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया।
हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने पिस्तौल लहराते हुए खुलेआम सड़क पर यह दुस्साहस किया और फरार होते समय रास्ते में कई वाहनों को भी टक्कर मार दी। इस घटना के बाद पूरे इलाक में हड़कंप मचा हुआ है।
मिरथल के रहने वाला भाई-बहन मंगलवार को ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वे एक सुनसान मोड़ पर पहुंचे, एक काले रंग की JK नंबर वाली स्कॉर्पियो ने अचानक उनका रास्ता रोक दिया। स्कॉर्पियो से चार-पांच लोग उतरे और उन्होंने पिस्तौल दिखाकर भाई को डराया। इसके बाद उन्होंने जबरदस्ती बहन को ट्रैक्टर से नीचे उतारा और उसे अपनी गाड़ी में धकेल दिया।
अपहरण के बाद स्कॉर्पियो सवार बदमाश तेज रफ्तार में भागे और जल्दबाजी में दो अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बावजूद बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।
घटना की खबर लगते ही लड़की के घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की और बेटी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
जवाली के DSP वीरी सिंह ने बताया कि पीड़ित के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने और लड़की को छुड़ाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। टीमें अलग-अलग इलाकों में भेज दी गई हैं और गाड़ियों की नंबर प्लेट के आधार पर जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर तक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
सरेआम सड़क पर हुई इस वारदात ने इलाके के लोगों को हिलाकर रख दिया है। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को घर से अकेले निकलने से रोक दिया है। लोग का कहना है कि सुरक्षा के नाम पर लोगों को धोखा दिया जा रहा है। अगर अपहरणकर्ता इतनी आसानी से भाग सकते हैं, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
वहीं, DSP वीरी सिंह का कहना है कि पुलिस के पास पुख्ता सुराग हैं। आरोपी ज्यादा समय तक कानून से नहीं बच पाएंगे। पुलिस की तकनीकी टीमें मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही इस सनसनीखेज अपहरण की गुत्थी सुलझाकर लड़की को सुरक्षित परिवार के पास पहुंचा दिया जाएगा।