#अपराध
July 23, 2026
हिमाचल: शराब ठेके पर पुलिस और सेल्समैन के बीच बवाल, मा.रपीट के साथ फोड़ी बोतलें; VIDEO वायरल
सेल्समैन का आरोप, पुलिस ने ठेके में घुसकर की मारपीट, शराब की बोतलें तोड़ी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया हैए जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मैहतपुर स्थित एक शराब ठेके पर देर रात सादे कपड़ों और वर्दी में पहुंचे कुछ पुलिस कर्मियों तथा ठेके के सेल्समैन के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग सेल्समैन के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं और उनके साथ एक वर्दीधारी पुलिस अधिकारी भी मौजूद नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि ठेके के कर्मचारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात मैहतपुर स्थित शराब ठेके पर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में ठेके के अंदर धक्का-मुक्की, शोर-शराबा और शराब की बोतलें टूटने जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें : यमुना ने हरियाणा में उगली देह, चोटों से भरा है पूरा शरीर, हिमाचल में बड़ी सा.जिश की आशंका!
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग शराब ठेके के सेल्समैन के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक वर्दीधारी पुलिस अधिकारी और कुछ सादे कपड़ों में मौजूद लोग भी नजर आते हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही पूरी घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इन दृश्यों ने पुलिस की भूमिका को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
हिमाचल के ऊना जिला के मैहतपुर में शराब ठेके में सेल्समैन और पुलिस के बीच बवाल, पुलिस पर मारपीट के आरोप pic.twitter.com/ZEeIQi5S9b
— Vishal Rana (@VishalR77182544) July 23, 2026
शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी ने आरोप लगाया कि देर रात उनके सेल्समैन ने फोन कर बताया कि कुछ लोग ठेके में घुसकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। जब उन्होंने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो सेल्समैन ने बताया कि मारपीट करने वाले खुद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 5 दिन से लापता युवती की जंगल में मिली देह, 2 माह बाद थी शादी; उठ रहे कई सवाल
कारोबारी का यह भी आरोप है कि दिन में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद संबंधित व्यक्ति पुलिस कर्मियों के साथ देर रात ठेके पर पहुंचा। उनके अनुसार इस दौरान सेल्समैन के साथ मारपीट की गई, ठेके में तोड़फोड़ हुई, कई शराब की बोतलें क्षतिग्रस्त हुईं और बिना किसी वैधानिक आदेश के ठेके पर ताला भी लगा दिया गया। कारोबारी का कहना है कि अगले दिन आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में ताला खुलवाया गया, जिसके बाद कारोबार दोबारा शुरू हो सका।
दूसरी ओर जिला पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान शराब ठेके के कर्मचारियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने इसी आधार पर ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह के विभाग की सुस्ती पर हाईकोर्ट सख्त, पुल निर्माण देरी पर सुक्खू सरकार से मांगा जवाब
जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि फिलहाल पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शराब कारोबारी या उनका कोई प्रतिनिधि औपचारिक शिकायत देता है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात
वायरल वीडियो, दोनों पक्षों के एक-दूसरे पर लगाए गए गंभीर आरोप और पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पुलिस ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया? क्या वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट का वास्तविक घटनाक्रम वही है जो सामने नजर आ रहा है? इन सभी सवालों के जवाब अब निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल यह मामला पूरे ऊना जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।