#अपराध

July 23, 2026

हिमाचल: 5 दिन से लापता युवती की जंगल में मिली देह, 2 माह बाद थी शादी; उठ रहे कई सवाल

शादी की खुशियां मातम में बदली, घटनास्थल को देख उठ रहे कई सवाल

शेयर करें:

una crime News

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया हैए जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पांच दिन पहले घर से बाजार जाने के लिए निकली 26 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लगातार तलाश के बाद अब उसका शव घर के समीप जंगलनुमा क्षेत्र से बरामद हुआ है। सबसे दर्दनाक बात यह है कि युवती वैशाली की महज दो माह बाद शादी होने वाली थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया। वहीं घटनास्थल और शव की स्थिति ने युवती की मौत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाजार जाने के लिए निकली, फिर कभी घर नहीं लौटी

मिली जानकारी के अनुसार ऊना जिला के गगरेट उपमंडल के अम्बोआ गांव में युवती वैशाली 19 जुलाई को घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और युवती की तलाश शुरू की गई।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह के विभाग की सुस्ती पर हाईकोर्ट सख्त, पुल निर्माण देरी पर सुक्खू सरकार से मांगा जवाब

पांच दिन बाद जंगल से बरामद हुआ शव

लगातार पांच दिन तक चले तलाश अभियान के बाद गुरुवार को युवती का शव घर के समीप जंगलनुमा क्षेत्र से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

घटनास्थल ने बढ़ाई रहस्य की परतें

घटनास्थल का मंजर कई तरह के संदेह पैदा कर रहा है। शव के पास एक पेड़ की टहनी से चुन्नी बंधी पाई गई है। हालांकि पहली नज़र में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो सकता है, लेकिन जिस टहनी से चुन्नी लटकी मिली, उसकी ऊंचाई काफी कम है। इसके अलावा शव काफी फूला हुआ और क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या युवती ने खुद कदम उठाया या फिर इसके पीछे किसी गहरी साजिश का हाथ है। इन तमाम सवालों के जवाब अब फॉरेंसिक और वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात

दो माह बाद बजनी थी शहनाई, अब पसरा मातम

परिवार के लिए यह सदमा किसी बड़े हादसे से कम नहीं है। युवती की महज दो महीने बाद शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों और परिजनों के बीच शादी की खुशियां थीं, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

जांच के दायरे में डिजिटल साक्ष्य भी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया था कि युवती बस से गगरेट की ओर गई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। अब शव मिलने के बाद जांच एजेंसियां मोबाइल की अंतिम लोकेशन, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही हैं, ताकि युवती की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में HIM केयर घोटाला- 2 कमरे में चल रहे थे अस्पताल, 150 करोड़ का हिसाब गड़बड़

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। मौत आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई, इसका निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही सामने आएगा।

सच्चाई का इंतजार, क्षेत्र में कई चर्चाएं

युवती की संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सड़क किनारे मिली महिला की देह- पुलिस ने पति को उठाया, फिर खुला बड़ा राज

पुलिस की ढिलाई पर उठे सवाल

शव मिलने के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबाइल बंद होने के बाद डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग में तेजी क्यों नहीं दिखाई गई। किसी भी लापता व्यक्ति के मामले में शुरुआती 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील होते हैं। यदि तकनीकी पहलुओं पर समय रहते कड़ाई से काम किया जाता, तो शायद परिणाम कुछ और हो सकता था।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख