#अपराध

April 4, 2025

HP पुलिस के सामने निगल ली थी चिट्टे की पुड़िया :  68 दिन बाद हारा जिंदगी की जंग

युवक के खिलाफ चिट्टा तस्करी के कई मामले थे दर्ज

शेयर करें:

Hamirpur News

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुलिस के सामने चिट्टे की पुड़िया निगलने वाले युवक की मौत हो गई है। पिछले 68 दिनों से AIIMS बिलासपुर युवक का उपचार चल रहा था। जहां उसने अब उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।

चिट्टा निगलने वाले युवक की मौत

डॉक्टरों का कहना है कि सिंथेटिक ड्रग निगलने के कारण युवक की किडनी समेत शरीर के कई अंग बुरी तरह प्रभावित हो गए थे। उसे बचाने की तमाम कोशिशें की गई- उसका डायलिसिस भी किया गया। इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच पाई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिसके सिर सजना था सेहरा, उस लाडले की घर से उठी अर्थी; सदमे में माता-पिता

AIIMS ICU में था भर्ती

मामले की पुष्टि करते हुए SP हमीरपुर भगत सिंह ने बताया कि युवक AIIMS बिलासपुर में ICU में भर्ती था। उसकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था- जिसके चलते पुलिस टीम द्वारा उसे गिरफ्तार नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि युवक के खिलाफ NDPS के कई मामले दर्ज थे। मृतक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है- जो कि कांगड़ा जिले के संतला गांव का रहने वाला था।

पुलिस के डर से निगला था चिट्टा

आपको बता दें कि बीते 25 जनवरी को आरोपी युवक को हमीरपुर पुलिस की टीम ने नशीले पदार्थ के साथ बड़सर में पकड़ा था। पुलिस टीम ने युवक से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दस हजार रुपए की नकद राशि बरामद की थी। इसी दौरान युवक ने सबूत मिटाने के चक्कर में अपने थैले से एक पारदर्शी पुड़िया निकाल कर एकदम से निगल ली। युवक ने लिफाफे के साथ 15 ग्राम चिट्टा निगल लिया था।

यह भी पढ़ें : कृषि मंत्री चन्द्र कुमार बोले- सरकारी टीचरों को खुद पर नहीं भरोसा, प्राइवेट स्कूलों में पढ़ा रहे अपने बच्चे

सबूत मिटाने की कोशिश

ऐसा करने के तुरंत बाद ही उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई। ऐसे में पुलिस टीम द्वारा तुरंत उसे उपचार के लिए AIIMS बिलासपुर पहुंचाया गया- जहां पर उसका उपचार चल रहा था। युवक की हालत पिछले 68 दिनों से गंभीर बनी हुई थी। चिट्टे की पुड़िया उसके पेट में फट गई थी- जिससे उसकी एक किडनी पूरी तरह खराब हो चुकी थी और शरीर के बाकी अंगों पर भी बुरा असर पड़ा था। डॉक्टरों ने उसके पेट से चिट्टे की पुड़िया निकाल ली थी। मगर युवक की हालत में सुधार नहीं हो पा रहा था। वहीं, अब उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई है।

चिट्टे के ओवरडोज से 14वीं मौत

विदित रहे कि, हिमाचल के गांव-शहरों में चिट्टे का फैलाव तेजी से बढ़ रहा है। यह महज एक व्यक्ति की समस्या नहीं रही, बल्कि हजारों परिवारों के लिए एक भयावह संकट बन गया है। जिन बच्चों से मां-बाप ने सुनहरे भविष्य की उम्मीदें रखी थीं, वे अब नशे की लत के कारण घर का सामान तक बेचने लगे हैं। कई परिवारों ने अपने बेटे को नशे के कारण खो दिया, तो कई माताएं अपने लाल के इलाज के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा रही हैं। इस साल हिमाचल में चिट्टे के ओवरडोज के कारण ये 14वीं मौत हुई है। यह जानलेवा लत परिवारों को आर्थिक, मानसिक और सामाजिक रूप से झकझोर रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख