#अपराध
November 18, 2025
हिमाचल : युवकों ने नशे को बनाया कमाई का साधन, 6 किलो चरस समेत 3 अरेस्ट- निकले थे बेचने
पर्यटकों को नशा बेचने का था प्लान- पहुंच गई पुलिस
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत लगातार दबिशें तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस ने भूंतर और मनाली थाना क्षेत्रों में 5 किलो 933.7 ग्राम चरस/कैनाविस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस को ये सफलता अलग-अलग मामलों में मिली है। पहला मामला पुलिस थाना भूंतर की टीम द्वारा वजौरा फोरलेन पुल के नीचे लगाए गए विशेष नाकाबंदी चेक-पॉइंट का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशे का एक खेप इस मार्ग से गुजर सकता है।
इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सुरेंद्र परमार (32) को रोका। तलाशी में उसके कब्जे से 5 किलो 148 ग्राम चरस/कैनाविस बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुरेंद्र परमार के रूप में हुई है- जो कि बंजार के जमद गांव का रहने वाला है।
प्रारंभिक पूछताछ में वह नशे की खेप किसे देने जा रहा था। इसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। भूंतर पुलिस ने उसके विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है और उसके नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
दूसरी गिरफ्तारी भी भूंतर थाना क्षेत्र से हुई। पुलिस की नियमित गश्त के दौरान टीम त्रेहन चौक के पास पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर असामान्य रूप से घबराया। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली। युवक की पहचान ओम प्रकाश (28) निवासी मझान गांव, सैज तहसील के रूप में हुई। उसके पास से 550 ग्राम चरस/कैनाविस बरामद की गई।
पुलिस का मानना है कि ओम प्रकाश स्थानीय स्तर पर नशे के पेडलरों से जुड़ा हो सकता है। उसके खिलाफ भी भूंतर थाने में NDPS एक्ट की धारा 20 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह चरस कहां से खरीद रहा था और किसे बेचता था।
तीसरा मामला मनाली थाना क्षेत्र का है। मनाली पुलिस की टीम होटल टियारा के आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस ने तनुज अब्बू (22) नामक युवक को संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 235.700 ग्राम चरस/कैनाविस मिली।
तनुज अब्बू कुल्लू जिले के आनी तहसील के ओडीधार गांव का रहने वाला है। पुलिस को शक है कि वह मनाली में आने वाले पर्यटकों को नशा बेचने के उद्देश्य से घूम रहा था। उसके खिलाफ भी NDPS एक्ट की धारा 20 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं बरामद चरस की सप्लाई चेन, स्रोत और संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि कुल्लू और मनाली क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले तस्करों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी कुछ लोग नशे के धंधे में सक्रिय हैं। इन्हें चिन्हित करने और उनके खिलाफ मजबूत कार्रवाई करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की ओर से यह भी संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में और भी कई जगहों पर निगरानी और नाकाबंदी बढ़ाई जाएगी ताकि जिले में बढ़ रही मादक पदार्थों की गतिविधियों पर कड़ा अंकुश लगाया जा सके।