#अपराध
July 13, 2026
हिमाचल : पति का दिनदहाड़े मर्ड*र, न्याय न मिलने पर पत्नी बोली- मुझे भी गो.ली मार दो
उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी
शेयर करें:

शिमला। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की दिनदहाड़े हुई हत्या को एक महीना बीत चुका है। मगर मामले की जांच अब भी कई सवालों के घेरे में है। हत्या में इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
इससे आहत मृतक की पत्नी हिना ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अगर पुलिस एक महीने में हथियार तक नहीं ढूंढ पाई है, तो उसी बंदूक से उन्हें और उनके बेटे को भी मार दिया जाए। इंसाफ की मांग को लेकर उन्होंने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से भी मुलाकात की है।
13 जून 2026 को सेक्टर-11 के श्री कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर जानकी दास की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन हत्या में इस्तेमाल जिगाना और .32 बोर की पिस्टल आज तक बरामद नहीं हो सकी है। इसी बात को लेकर मृतक का परिवार पुलिस की कार्रवाई से नाराज है।
मृतक की पत्नी हिना का कहना है कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्हें कभी किसी गैंगस्टर से धमकी भी नहीं मिली। पुलिस ने सिर्फ इतना बताया कि गिरफ्तार शूटर जानकी दास को पहले से जानते तक नहीं थे और केवल हुलिये के आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया।
हिना ने सवाल उठाया कि अगर शूटर उनके पति को जानते ही नहीं थे तो उनका असली निशाना कौन था? क्या उनके पति गलत पहचान का शिकार हुए या हत्या के पीछे कोई और वजह थी? इन सवालों का जवाब आज तक पुलिस नहीं दे सकी है।
मीडिया से बातचीत के दौरान हिना भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद भी पुलिस यह नहीं बता पाई कि उनके पति की हत्या क्यों हुई और हत्या में इस्तेमाल हथियार कहां है। उन्होंने रोते हुए कहा कि अगर पुलिस वह हथियार ढूंढ ले तो उसी से उन्हें और उनके बेटे को भी मार दे। उनके मुताबिक परिवार पूरी तरह टूट चुका है और उन्हें अब तक न्याय की उम्मीद नहीं दिख रही।
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी करीब 50 मिनट तक चंडीगढ़ में घूमते रहे। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास जंगल में हत्या में इस्तेमाल हथियार छिपा दिए। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने हथियार छिपाने का वीडियो गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को भेजा था, जिसके बाद उसके गुर्गों ने वहां से हथियार हटा दिए। इसी वजह से पुलिस अब तक हथियार बरामद नहीं कर सकी है।
पति को न्याय दिलाने के लिए हिना ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल ने मौके पर ही चंडीगढ़ के DC को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद DC ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
हिना ने प्रशासन से मांग की है कि परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की हत्या के बाद अब उनके बेटे को सरकारी नौकरी दी जाए। उनका कहना है कि परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से टूट चुका है और सरकार को मानवीय आधार पर उनकी मदद करनी चाहिए।