#अपराध

December 27, 2025

हिमाचल : सरकारी नौकरी की आड़ में नशे का खेल- महिला कर्मी की स्कूटी से मिली ढेर सारी चरस, हुई अरेस्ट

काले रंग के थैले में रखी करीब 1 किलो 400 ग्राम चरस के साथ अरेस्ट

शेयर करें:

charas seizure in chamba

चंबा हिमाचल में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच चंबा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका दिया है। तस्करी की इस कड़ी में आरोपी कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि सरकारी विभाग में तैनात कर्मचारी निकली, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

नाके के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता

चंबा पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने नियमित चेकिंग के दौरान तीसाचंबा मार्ग पर कांदला के समीप रामपुर मोड़ पर एक स्कूटी सवार महिला को जांच के लिए रोका। पुलिस को देखते ही महिला ने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की, जिसके बाद टीम ने नियमानुसार तलाशी प्रक्रिया शुरू की।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल: न्यू ईयर से पहले जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, मौसम विभाग का अलर्ट- बढ़ेगी ठंड

स्कूटी की डिक्की से निकली चरस

जांच के दौरान स्कूटी की डिक्की से काले रंग के थैले में रखी करीब 1 किलो 400 ग्राम चरस बरामद की गई। बरामदगी होते ही पुलिस ने महिला को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह साफ हुआ कि नशीला पदार्थ अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।

सरकारी विभाग में कार्यरत है आरोपी महिला

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार महिला जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत है और पिछले कई वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रही है। एक सरकारी कर्मचारी का इस तरह नशा तस्करी में शामिल पाया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। गिरफ्तार की गई महिला तस्कर की पहचान सलीमा पत्नी अयूब खान, निवासी गांव गुवाडा, पंचायत गड़फरी के रूप में हुई है। बरामद चरस को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें : PM मोदी तक पहुंचा IGMC डॉक्टर मामला- आज CM के फैसले पर टिकी निगाहें, हड़ताल की चेतावनी

बड़े नेटवर्क से कनेक्शन की जांच

मामले की पुष्टि करते हुए चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि SIU टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है और आरोपी से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आगे की जांच में नशे की सप्लाई चेन, स्रोत और संभावित संपर्कों को खंगाला जा रहा है। चंबा पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

हर विभाग के कर्मचारी नशा तस्करी में लिप्त

बता दें कि प्रदेश का ऐसा कोई विभाग नहीं जो नशे की गिरफ्त में ना आया हो। शिक्षा विभाग से लेकर बिजली-पानी और पुलिस विभाग के कई कर्मचारी नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं। HRTC के कई कर्मी नशे के गोरखधंधे में लिप्त है। वहीं, फौज की वर्दी पहन कई जवान उस वर्दी और काम का नाम खराब कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने एक्शन लेते हुए 9 ऐसे विभागों की सूची बना दी है, जिसमें सबसे ज्यादा कर्मचारी चिट्टे या फिर किसी अन्य तरह के नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए हैं। 

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार के एक और फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती, बंद कर दी थी जयराम सरकार की योजना

15 पुलिस कर्मचारी पर लटकी सस्पेंशन की तलवार

विभाग द्वारा तैयार की गई इस लिस्ट में 15 ऐसे पुलिस कर्मी है जो नशे के सौदागरों को जेल पहुंचाने के बजाए खुद ही तस्करी का काम करते पकड़े गए हैं। सरकार पूरे प्रदेश के 15 ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है। माना जा रहा है कि पुलिस कर्मियों के साथ ही जो अन्य कर्मी चिट्टे या नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए हैं, उनके सस्पेंशन की तैयारी की जा रही है।

60 कर्मी नशे संग गिरफ्तार

प्रदेश भर में 60 ऐसे कर्मी है जो नशे संग पकड़े गए हैं। वहीं, जिला मंडी का एक आंकड़ा कहता है कि यहां 15 सरकारी कर्मचारी नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। ऐसे में जिला SP मंडी साक्षी वर्मा के अनुसार रिपोर्ट उच्च अधिकारियों और सरकार को भेज दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख