#अपराध
August 11, 2025
हिमाचल में एक और बच्चे का अपहरण, घर के बाहर से उठा ले गए नकाबपोश बाइक सवार
बाइक पर आए थे नकाबपोश, घर के बाहर खेल रहे बच्चे को उठा ले गए
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध बिशप कॉटन स्कूल के तीन छात्रों के अपहरण के बाद अब हमीरपुर जिला में एक बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। बाइक पर आए नकाबपोश दो लोगांे ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को किडनैप कर लिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र से एक नाबालिग बच्चे का दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। बाइक सवारों ने बच्चे के हाथ पैर बांधे और उसे जबरन बाइक पर बैठा कर अपने साथ ले गए। हालांकि बाद में उन्हें पता चला कि उन्होंने गलत बच्चे का अपहरण कर लिया है। जिसके चलते उन्होंने बच्चे को बीच रास्ते में छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस हाईकमान ने फिर दिल्ली तलब किए CM सुक्खू, एक-दो दिन में नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना तय !
अपहरण की कोशिश में नाकाम होने के चलते आरोपियों ने अपने दुश्मन की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने दुश्मन की मिक्सचर मशीन को चोरी कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने भी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नादौन क्षेत्र में वार्ड नंबर-1 स्थित अस्पताल के पास की झुग्गी बस्ती में बिहार का रहने वाला बिरजु साहनी अपनी पत्नी और परिवार के साथ रहता है। बिरजु पेशे से एक ठेकेदार है और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मिक्सचर मशीनों का उपयोग करता है। रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे कुछ अज्ञात युवक उस बस्ती में पहुंचे और वहां खेल रहे बच्चों में से एक को बिरजु का बेटा समझकर उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए।
बाइक सवार युवकों ने चेहरे को ढका हुआ था। अपहृत बच्चे ने परिजनों को बताया कि आरोपितों ने रास्ते में उसे मारा.पीटा और कोई इंजेक्शन जैसी वस्तु चुभोई जिससे उसके चेहरे पर सूजन आ गई। यह बच्चा असल में बिरजु का बेटा नहीं था, और जब रात करीब नौ बजे आरोपितों ने नाम-पता पूछा तो पहचान की गलती का अहसास होने पर उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। हाथ.पांव बंधा हुआ बच्चा रोते.बिलखते किसी तरह अपने घर वापस पहुंचा।
अगले दिन सुबह जब बिरजु ने देखा कि उसकी मिक्सचर मशीन गायब है, तो उसने पूरे क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। कुछ घंटों की तलाश के बाद मशीन औद्योगिक क्षेत्र नादौन के पास आईटीआई के समीप क्षतिग्रस्त हालत में मिली। मशीन का इंजन और अन्य जरूरी सामान गायब था। चारों टायर पंचर कर दिए गए थे और मशीन के अन्य हिस्सों को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया था।
यह भी पढ़ें : BCS मामला : लिफ्ट देकर छात्रों को किया कि*डनैप, मुंह पर टेप और आंखों पर बांधी पट्टी
बिरजु और उनकी पत्नी सरोज ने इस वारदात को सोची.समझी साजिश बताते हुए स्थानीय युवकों राहुल, शिबू और सेठी पर संदेह जाहिर किया है। उनका कहना है कि बीते कुछ समय से इन युवकों से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था और संभवतः इसी कारणवश बदला लेने के लिए यह घिनौनी हरकत की गई।
थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है और पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: NH से गुजर रहे वाहनों पर अचानक दरका पहाड़, दो गाड़ियां चपेट में आईं; मची चीख पुकार
हिमाचल प्रदेश में अपहरण की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। दो दिन पहले शिमला के बिशप कॉटन स्कूल के तीन बच्चों के लापता होने की घटना से पूरा राज्य स्तब्ध था। और अब हमीरपुर से सामने आई यह घटना बताती है कि अपराधी अब छोटे बच्चों को निशाना बना रहे हैं, जिससे अभिभावकों में डर का माहौल बन गया है।