#अपराध
January 24, 2026
हिमाचल : ब्यास नदी में कूदी विधवा, डेढ़ घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन- पत्थरों के बीच मिली देह
महिला की देह देख परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां आज सुबह पंचवक्त्र मंदिर के पास एक महिला ने ब्यास नदी में कूदकर अपनी जान दे दी है। महिला के आत्महत्या करने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि महिला विधवा थी और बनाल गांव की रहने वाली थी। सुबह जैसे ही महिला नदी में कूदी- वैसे ही वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मगर तब तक महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतका की पहचान रीता देवी (37 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय प्रकाश चंद के रूप में हुई है। रीता देवी बाबा भूतनाथ मंदिर की गली में अपने दो बच्चों- बेटे और बेटी के साथ किराए के कमरे में रहती थी। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने रीता देवी को पंचवक्त्र मंदिर के पास नदी की ओर जाते देखा और कुछ ही देर बाद उसके नदी में कूदने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत ब्यास नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया। तेज बहाव और नदी के गहरे हिस्सों के कारण राहत कार्य में कठिनाई आई। करीब डेढ़ घंटे तक चले अभियान के बाद सुबह 10:30 बजे महिला का शव नदी से बाहर निकाला गया।
फिलहाल, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि आखिर क्यों महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया है। पुलिस टीम द्वारा मृतका के परिजनों के बयान कलमबद्ध कर लिए गए हैं। पुलिस टीम मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। महिला की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
इस घटना के बाद पंचवक्त्र मंदिर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और महिला की असमय मौत को बेहद दुखद बता रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह जांच में सहयोग करे।