#अपराध
April 7, 2025
हिमाचल : सड़क किनारे मिली व्यक्ति की देह, पास पड़े थे थैला, चप्पल और कपड़े
अज्ञात वाहन चालक ने राहगीर को मारी टक्कर
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोगों की मौत हो रही है। ऐसा ही एक हादसा आज सोमवार को प्रदेश के ऊना जिला में भी हुआ है। यहां एक अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को बुरी तरह से कुचल दिया। इस हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते बरनोह गांव में पेश आया है। आज सोमवार सुबह पुलिस को किसी ने सूचना दी थी कि सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पाया कि वहीं शव के पास ही किसी अज्ञात वाहन के टूटे हुए पार्ट्स के अलावा एक थैला, चप्पलें और कपड़े भी मिले हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 20 दिन में उजड़ा हंसता-खेलता परिवार, मां के बाद घर से उठी बेटे की अर्थी
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन इस हादसे की किसाी को कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने मृतक व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई और उसके परिजनों को सूचना दी। मृतक व्यक्ति की पहचान रामपाल पुत्र रत्न चंद निवासी लोअर कोटला कलां के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की मौत का कारण किसी अज्ञात वाहन की टक्कर माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने पैदल जा रहे रामपाल को जोरदार टक्कर मार दी। इसी टक्कर में वाहन के कुछ पार्ट्स भी टूट गए। हादसे के बाद वाहन चालक राहगीर को वहीं छोड़ कर मौेके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फैल रहा नया वायरस- जानें क्या हैं लक्षण, बचाव और कारण
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस आस.पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।