#अपराध
September 23, 2025
हिमाचल: नाले में मिली अज्ञात शख्स की देह, एक माह से गायब टैक्सी चालक से मिलते हैं संकेत
जहां मिली थी चालक की टैक्सी, उसी क्षेत्र में मिली है अज्ञात दे
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल के चंबा जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति का नाले में शव मिला है। शव पूरी तरह से गल सड़ चुका है, जिससे उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। जहां फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से डीएनए जांच करवाई जाएगी। यह शव चंबा जिला के उपमंडल भरमौर के प्रंघाला क्षेत्र में बुद्धिल नाले के किनारे पर मिला है।
पुलिस के अनुसार इस शव का संबंध पठानकोट निवासी एक लापता टैक्सी चालक सुरेंद्र कुमार की गुमशुदगी से हो सकता है। सुरेंद्र कुमार 23 अगस्त को मणिमहेश यात्रा पर तीन महिला चिकित्सकों को लेकर हड़सर गया था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। उसकी मोबाइल लोकेशन भी उसी दिन से बंद पाई गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होस्टल के कमरे में मिली लड़की की देह, 11वीं कक्षा की थी छात्रा; पसरा मातम
जानकारी के अनुसार जब 27 अगस्त को मणिमहेश यात्रा पूरी कर लौट रही महिला चिकित्सकें हड़सर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि उनकी टैक्सी प्रंघाला क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़ी थी, लेकिन चालक सुरेंद्र कुमार वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर उसकी तलाश की गुहार लगाई।
पुलिस प्रशासन ने पर्वतारोहियों और स्थानीय युवाओं की मदद से क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। ड्रोन तकनीक की सहायता से कठिन पहाड़ी इलाके में खोजबीन की गई, जिसके दौरान बुद्धिल नाले के किनारे एक शव दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए उसकी पहचान मौके पर नहीं हो सकी है। परिजनों की ओर से यह आशंका जताई गई है कि यह शव सुरेंद्र कुमार का हो सकता है। हालांकि अंतिम पुष्टि डीएनए परीक्षण के बाद ही की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की ऊंची चोटी पर 4 युवकों ने फहराया तिरंगा, महज 6 दिन में पूरा किया कठिन ट्रैक
सुरेंद्र कुमार के परिवार वाले पिछले एक महीने से उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। अब जब एक शव मिला है, तो उनके मन में उम्मीद और आशंका दोनों बनी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है, जहां डीएनए नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।
यह भी पढ़ें : थूक लगाकर रोटी बनाने वाले ढाबे की बिरयानी भी अब अनसेफ घोषित, जानें उसमें क्या मिला
हालांकि मौत के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस आत्महत्या, हादसा या हत्या तीनों पहलुओं पर जांच कर रही है। शव की स्थिति और स्थान को देखते हुए यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ एक माह से सुरेंद्र के इंतजार में बैठे परिजनों को जब एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली तो सुरेंद्र के परिवार की बेचैनी और बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की तह तक जाने की बात कही है और कहा है कि जब तक सभी वैज्ञानिक जांच पूरी नहीं हो जातींए तब तक किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।