#अपराध
April 18, 2026
हिमाचल: बैंक मैनेजर के बाद अब कोर्ट का कर्मचारी चिट्टे के साथ अरेस्ट, जेल में बंद साथी ने उगला नाम
JMFC कोर्ट में तैनात, व्हाट्सऐप चैट ने खोल दिए सारे राज
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे का बढ़ता दायरा अब चिंताजनक स्तर पर पहुंचता दिख रहा है। हालात ऐसे बनते नजर आ रहे हैं कि आम लोगों के साथ-साथ अब सरकारी संस्थानों से जुड़े कर्मचारी भी चिट्टे जैसी खतरनाक लत के शिकंजे में फंसते जा रहे हैं। राजधानी शिमला से सामने आया ताजा मामला इसी ओर इशारा करता है।
शिमला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत ठियोग क्षेत्र में एक कोर्ट कर्मचारी को चिट्टा (हेरोइन) मामले में गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दो दिन पहले ही एक बैंक मैनेजर को भी इसी तरह के मामले में पकड़ा गया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों ने समाज में गहरी चिंता पैदा कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां चिंतपूर्णी के चमत्कार ने खुशियों से भर दी भक्त की झोली, चरणों में अर्पित किया चांदी का छत्र
जानकारी के अनुसार पुलिस ने 12 अप्रैल को नंगलदेवी के पास एक कार की तलाशी के दौरान कुलदीप वर्मा नामक युवक को 8.340 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि वह यह नशा आगे सप्लाई करने के लिए लाया था।
पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी] इस मामले में एक और नाम सामने आया हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू का। तकनीकी जांच में दोनों के बीच व्हाट्सऐप चैट के जरिए नशे की खरीद-फरोख्त की बातचीत के सबूत मिले। साथ ही यूपीआई के माध्यम से हुए लेन-देन ने भी इस अवैध धंधे की पुष्टि कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिना परीक्षा दिए नौकरी पाने का मौका, 20 हजार से ज्यादा होगी सैलेरी- यहां जानें डिटेल
आरोपी हितेंद्र मेहता न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (JMFC) ठियोग में चपरासी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 17 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत धारा 29 भी जोड़ी गई है, जो आपराधिक साजिश से संबंधित है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: काम से बाहर गई थी पत्नी, बेटा गया था ननिहाल- घर पर अकेले व्यक्ति ने लगा लिया फं*दा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत 100 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 214 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें कई गिरफ्तारियां नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के आधार पर की गई हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यह साफ कर दिया है कि नशे का जाल अब समाज के हर वर्ग तक फैल चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर कड़ी रोक नहीं लगाई गई, तो इसके परिणाम और भी गंभीर हो सकते हैं।