#धर्म
April 18, 2026
हिमाचल: मां चिंतपूर्णी के चमत्कार ने खुशियों से भर दी भक्त की झोली, चरणों में अर्पित किया चांदी का छत्र
मनोकामना पूरी होने पर चढ़ाई माता को भेंट
शेयर करें:

ऊना। देवभूमि हिमाचल के मंदिरों और शक्तिपीठों से प्रदेश के साथ-साथ देश-विदेश के लोगों की भी गहरी आस्था जुड़ी हुई है। यहां के मंदिरों में स्थानीय और बाहरी राज्यों के लोगों की भीड़ देखने को मिलती है। इन मंदिरों में कई भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और वो भेंट स्वरूप मंदिरों में कई तरह की कीमती चीजें चढ़ाते हैं।
ऐसा ही श्रद्धा और आस्था का अनूठा दृश्य ऊना जिले में स्थित चिंतपूर्णी माता मंदिर में देखने को मिला। यहां आज शनिवार सुबह भक्ति और आस्था का बेहद सुंदर नज़ारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और हर तरफ “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिना परीक्षा दिए नौकरी पाने का मौका, 20 हजार से ज्यादा होगी सैलेरी- यहां जानें डिटेल
इसी दौरान ऋषिकेश से आए निशांत मलिक और उनके परिवार ने माता रानी के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए 500 ग्राम वजन का शुद्ध चांदी का छत्र अर्पित किया। बताया जा रहा है कि यह छत्र आधुनिक कारीगरी से बेहद खूबसूरती के साथ तैयार किया गया है।
जैसे ही इसे माता की पिंडी पर स्थापित किया गया, वैसे ही दरबार की शोभा और भी बढ़ गई और माहौल और ज्यादा भक्तिमय हो गया। इस खास मौके पर मंदिर के पुजारी नवीन कालिया ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बड़ी श्रद्धा के साथ छत्र को माता रानी के चरणों में अर्पित किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: काम से बाहर गई थी पत्नी, बेटा गया था ननिहाल- घर पर अकेले व्यक्ति ने लगा लिया फं*दा
पूजा के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से मलिक परिवार को माता की पवित्र चुनरी भेंट स्वरूप दी गई, जिसे परिवार ने बड़े सम्मान के साथ स्वीकार किया। इस दौरान परिवार के सदस्य काफी भावुक भी नजर आए और उन्होंने माता रानी का दिल से आभार व्यक्त किया।
निशांत मलिक और उनके परिवार ने बताया कि उन्होंने पहले माता चिंतपूर्णी के दरबार में एक मनोकामना मांगी थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा, “मां चिंतपूर्णी के दरबार में जो भी सच्चे मन से आता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता।” परिवार ने यह भी कहा कि माता रानी की कृपा उनके जीवन पर हमेशा बनी रहती है और इसी आस्था के चलते वे यहां दर्शन के लिए आए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की जेल में पहुंच रहा था गांजा, कैदी मौज से चला रहे थे फोन- अंदर से ही कॉल कर मांगी फिरौती
परिवार ने माता रानी के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि मां अपनी कृपा ऐसे ही बनाए रखें और हर उस श्रद्धालु की मनोकामना पूरी करें, जो सच्चे दिल से उनके दरबार में आता है।