#अपराध
April 23, 2026
हिमाचल: परिवार ने खो दिया जवान बेटा, शराब के नशे में पहुंचा था घर; एक गलती पड़ी भारी
शादी में काम खत्म कर घर लौटे युवक ने निगल ली कोई गलत दवाई
शेयर करें:

कांगड़ा। देवभूमि हिमाचल के कांगड़ा जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने न केवल एक परिवार को उम्र भर का गम दे दिया है, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बैजनाथ थाना क्षेत्र के एक घर में जहां कुछ घंटों पहले खुशियां और काम की चर्चा थी] वहां अब केवल सन्नाटा और चीख-पुकार है। एक जवान बेटे की मौत ने पूरे परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ तोड़ा है] जिससे उबर पाना नामुमकिन नजर आ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 37 वर्षीय मृतक पेशे से शादियों में काम करता था। वह दूसरों के घर की खुशियों को सजाने का काम करता था] लेकिन उसे क्या पता था कि एक रात उसके अपने घर का चिराग बुझ जाएगा। घटना वाली रात वह एक शादी समारोह से काम निपटाकर वापस घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक वह उस समय शराब के नशे में था और इसी मदहोशी या चूक में उसने घर पहुंचते ही अचानक कोई जहरीली चीज निगल ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के दुर्गम क्षेत्र की बेटी सेना में बनी लेफ्टिनेंट, घाटी की पहली महिला सैन्य अधिकारी बनी काजल
जैसे ही युवक की तबीयत बिगड़ी घर में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में उसे तुरंत बैजनाथ अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हालत नाजुक होते देख उसे तुरंत डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) रैफर कर दिया गया। टांडा अस्पताल के गलियारों में परिजन रात भर उसके ठीक होने की दुआएं मांगते रहे, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह ने अपने विभाग के 119 कर्मियों की बदल दी किस्मत, अब मिलेंगी सभी सरकारी सुविधाएं
जवान बेटे का शव जब पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा, तो पूरे गांव की आंखें नम थीं। पिता के कंधों पर जवान बेटे का बोझ और मां का बेसुध होकर गिरना, वहां मौजूद हर शख्स का दिल चीर रहा था। परिवार के सदस्यों का कहना है कि नशे की हालत में हुई एक छोटी सी चूक ने उनसे उनका सहारा छीन लिया।
यह भी पढ़ें : कौल सिंह का बड़ा बयान: मैं जीत जाता तो सुक्खू नहीं "मैं होता CM", लंबे अनुभव से विकास को देता नई दिशा
बैजनाथ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में युवक ने जहरीला पदार्थ निगला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।