#अपराध

March 7, 2026

हिमाचल: घर की नौकरानी निकली लूटेरी ! मालकिन पर किया ह*मला, गहने-नकदी लेकर हुई फरार

सहेली के साथ घर में घुसी, मालकिन को घायल कर गहने नगदी लूटी

शेयर करें:

Bilaspur Crime News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। घुमारवीं उपमंडल के कसारू गांव में घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही अपनी मालकिन के साथ बड़ा कांड कर दिया। आरोप है कि नौकरानी ने अपनी सहेली के साथ मिलकर घर में घुस कर मालकिन पर हमला कर दिया और मारपीट करने के बाद गहने और नकदी लूटकर फरार हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग घरेलू नौकरों को रखने को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

अचानक घर पहुंची और शुरू कर दिया हमला

पीड़िता करीब 50 वर्षीय सीमा देवी ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उन्होंने घर के कामकाज के लिए ज्योति नाम की महिला को रखा हुआ था। कुछ दिनों से वह बिना बताए काम पर नहीं आ रही थी। अचानक एक दिन वह अपनी एक अन्य महिला साथी के साथ उनके घर पहुंच गई। शुरुआत में सीमा देवी को लगा कि वह काम पर लौटने आई है] लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति बदल गई। दोनों महिलाओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING : हिमाचल में 10वीं की छात्रा ने सतलुज नदी में लगा दी छलांग, तेज बहाव में हुई लापता

मारपीट के बाद गहने -नकदी लूटकर भागीं

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान पीड़िता को डराने-धमकाने के बाद जबरन करीब 20 हजार रुपये नकद छीन लिए। इतना ही नहीं, हाथापाई के दौरान पीड़िता के गले से सोने की चेन भी झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं। घायल अवस्था में किसी तरह पीड़िता ने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी।

पहले से बनाई थी पूरी योजना

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह वारदात अचानक नहीं बल्कि पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी। माना जा रहा है कि आरोपियों को घर की स्थिति और मालकिन के अकेले होने की जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING हिमाचल: कैबिनेट में पंचायत चुनाव पर बड़ा फैसला, अंशकालिक जल वाहक होंगे नियमित

पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। घुमारवीं पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

 हिमाचल में 140 रुपए बढ़ गए LPG सिलेंडर के दाम, महंगाई का बड़ा झटका

लोगों से पुलिस की अपील

इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों में काम करने वाले लोगों का पूरा सत्यापन जरूर करवाएं। बिना पहचान और जानकारी के किसी को घर में काम पर रखने से ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जिस महिला पर घर के कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसी के हाथों इस तरह की घटना सामने आने से लोगों का भरोसा भी डगमगाता नजर आ रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख