#अपराध
May 31, 2025
हिमाचल: रात को घर से निकला शख्स नहीं लौटा वापस, अनहोनी की आशंका से परिवार चिंतिंत
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ 77 वर्षीय बुजुर्ग
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 77 साल का शख्स संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया है। परिवार ने उनकी हर जगह तलाश कर ली, लेकिन जब उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा, तो वह पुलिस के पास पहुंचे। मामला जिला के घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले गांव बेनला ब्राह्मणा का है।
दरअसल यहां से एक 77 वर्षीय बुजुर्ग बली राम के लापता होने का मामला सामने आया है। बीते कई दिनों से उनका कोई अता.पता नहीं है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता का माहौल है। बली राम की गुमशुदगी को लेकर परिजनों ने पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें : युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर घर से भगाई लड़की, हिमाचल में कई महीनों तक की नीचता
परिजनों के अनुसार 23 मई 2025 की रात बली राम अचानक घर से लापता हो गए। उनके बेटे रतन लाल ने बताया कि सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो पाया कि बली राम अपने कमरे में नहीं हैं। पहले उन्होंने सोचा कि वे कहीं आसपास गए होंगे, लेकिन जब काफी देर तक उनका कुछ पता नहीं चला, तो चिंता बढ़ गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उन्हें खोजा, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
परिवार ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता चला कि रात करीब 12:15 बजे बली राम घर से बाहर निकले थे। कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि वे अकेले ही घर के मुख्य दरवाजे से बाहर जा रहे हैं। इसके बाद वे कैमरे की निगरानी से बाहर चले गए और तब से उनका कोई अता.पता नहीं है।
रतन लाल ने बताया कि बली राम पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और कई बार बिना बताए घर से बाहर निकल जाते थे। हालांकि पहले वे कुछ समय में लौट आते थे, लेकिन इस बार मामला अलग है। परिजनों को आशंका है कि वे घर के पीछे वाले पुराने रास्ते से निकले होंगे, जो सीधा नदिया क्षेत्र की ओर जाता है। इस मार्ग पर जंगल और सुनसान इलाके भी पड़ते हैं, जिससे किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
थाना सदर पुलिस ने बली राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आसपास के गांवों व सुनसान इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने विशेष टीम गठित की है जो सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल ट्रैकिंग की सहायता से जांच को आगे बढ़ा रही है।
बली राम के बेटे रतन लाल ने आम जनता और प्रशासन से मदद की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी को भी उनके पिता के बारे में कोई जानकारी मिलती है या वे किसी सार्वजनिक स्थान पर दिखें, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या उन्हें सूचित करें। वहीं पुलिस ने भी आम लोगों से अनुरोध किया है कि किसी सुनसान या भीड़भाड़ से दूर क्षेत्र में कोई बुजुर्ग भ्रमित अवस्था में दिखे तो तत्काल जानकारी दें।