#अपराध
August 3, 2025
हिमाचल: खेत में गया युवक रहस्यमयी तरीके से हुआ लापता, परिजनों को सता रही अनहोनी की चिंता
परिजनों ने हर दोस्त रिश्तेदार के यहां खोजा पर नहीं मिला सुराग
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक अपने खेत में गया था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। युवक के इस तरह से अचानक लापता होने से उसके परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी है। वहीं उन्होंने बेटे के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस थाना में भी दर्ज करवा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला बिलासपुर जिला के उपमंडल झंडूता के तहत आते बाला गांव का है। लापता युवक की पहचान 35 वर्षीय कश्मीर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना झंडूता में दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आरंभ कर दी है।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल: खतरे के निशान पर पौंग बांध का जलस्तर, कभी भी छोड़ा जा सकता है पानी; अलर्ट पर कई गांव
परिजनों के अनुसार, कश्मीर सिंह 31 जुलाई की शाम को अपने घर के समीप स्थित खेतों की ओर गया था। यह घटना शाम लगभग साढ़े सात बजे की है। लेकिन वह रात भर घर नहीं लौटा। पहले तो परिजनों को लगा कि वह किसी रिश्तेदार या मित्र के यहां चला गया होगा, लेकिन जब अगले दिन तक भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो वे चिंतित हो उठे।
लापता युवक के पिता श्यामलाल ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले अपने बेटे के दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन किसी को भी कश्मीर सिंह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के खेतों, सड़कों और संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया।
यह भी पढ़ें : पोकलेन मशीन के नीचे दबा कर छीन ली युवक की सांसें, हिमाचल भाजपा नेता से जुड़े तार
आखिरकार श्यामलाल ने 1 अगस्त को झंडूता पुलिस थाना पहुंचकर बेटे के लापता होने की सूचना दी। थाना प्रभारी ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। झंडूता उपमंडल के डीएसपी मनीष चौधरी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : 'हिमाचल के लिए लॉटरी अभिशाप' : धूमल-वीरभद्र दोनों ने लगाया था बैन, पूर्व CM ने बताई वजह
डीएसपी मनीष चौधरी ने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है। प्रारंभिक जांच में अपहरण या स्वयं से गायब होने जैसी सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कदम उठाए जा रहे हैं। हमने आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और युवक की मोबाइल कॉल डिटेल्स तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
कश्मीर सिंह की अचानक हुई इस तरह की गुमशुदगी से गांव में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि कश्मीर सिंह एक शांत स्वभाव का युवक था और उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वहीं कश्मीर सिंह के पिता ने प्रशासन से अपील की है कि उनके बेटे को जल्द से जल्द खोजा जाए और यदि किसी ने उसे देखा हो या कोई जानकारी हो, तो वह पुलिस को सूचित करे।