#अपराध
February 17, 2026
हिमाचल: परिवार की उम्मीदों का दुखद अंत, झील में मिली 23 वर्षीय बेटे की देह; 15 दिन से था लापता
परिवार 15 दिन से बेटे के सकुशल लौटने की कर रहा था उम्मीद
शेयर करें:

जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में पंद्रह दिन से जिस बेटे की एक झलक पाने के लिए परिवार दर-दर भटक रहा था, उसकी तलाश का अंत मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर के साथ हुआ। झील के शांत पानी में तैरती लाश ने घर की उम्मीदों को हमेशा के लिए डुबो दिया। अब सवाल यह है क्या यह हादसा था, आत्महत्या या फिर किसी साजिश का परिणाम।
दरअसल कांगड़ा जिला के जवाली उपमंडल के रजवाल गांव के 23 वर्षीय सतीश कुमार का शव मंगलवार सुबह पोंग झील में तैरता मिला। स्थाना क्षेत्र के पास झील के पानी में शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लिए यह क्षण असहनीय था। पिछले करीब 15 दिनों से लापता बेटे की तलाश में जुटे परिजनों की उम्मीदें अब हमेशा के लिए टूट चुकी हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कार की टक्कर से कई फीट दूर जाकर गिरा किसान, नहीं बच पाया बेचारा
जानकारी के अनुसार सतीश अपने पिता के साथ टैरेस स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। 11 फरवरी की सुबह वह रोज की तरह घर से ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन फैक्ट्री नहीं पहुंचा। जब देर शाम तक कोई संपर्क नहीं हुआ तो परिवार चिंतित हो उठा। तलाश के दौरान उसकी मोटरसाइकिल, लंच बॉक्स और चाबी बरामद हुए, जिससे मामला और उलझ गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी बस में सवारी बन बैठा था चिट्टा तस्कर, पुलिस को लगी भनक- हुआ अरेस्ट
सतीश की तलाश में स्थानीय समाजसेवी रमेश दत्त कालिया और उनकी टीम लगातार जुटी रही। झील के किनारों से लेकर पानी के भीतर तक खोज अभियान चलाया गया। अंततः मंगलवार सुबह झील के पानी में तैरते शव ने इस खोज को दुखद विराम दे दिया। शव की शिनाख्त सतीश कुमार के रूप में हुई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटे की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में डॉक्टरों का कमाल : बिना चीर-फाड़ कर बचाई 2 मरीजों की जान, PGI का झंझट खत्म
मामले की पुष्टि करते हुए नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है क्या सतीश की हत्या की गई है, उसने आत्महत्या की या यह एक दुखद दुर्घटना है? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।