#हादसा
August 27, 2026
हिमाचल : टैक्सी से चंडीगढ़ जा रहा था योगेश, ट्रक से हुई जोरदार टक्कर- उजड़ा परिवार
जायका प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी से जुड़े एक्सपर्ट के पद पर कार्यरत थे योगेश
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में आज सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया है। भोटा के पास पेश आए इस हादसे में 68 वर्षीय डॉ. योगेश चंद्र भट्ट की दर्दनाका मौत हो गई है।
योगेश चंद्र राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले थे। वर्तमान हमीरपुर में जायका प्रोजेक्ट से जुड़े प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी एक्सपर्ट के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस हादसे में टैक्सी चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि डॉ. योगेश चंद्र भट्ट वीरवार सुबह टैक्सी से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। जब उनकी टैक्सी भोटा क्षेत्र के पास पहुंची तो रास्ते में उसकी एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के दौरान टैक्सी के एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन इसके बावजूद डॉ. भट्ट को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने डॉ. योगेश चंद्र भट्ट की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, टैक्सी चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मृतक डॉ. योगेश चंद्र भट्ट की पहचान राजस्थान के उदयपुर स्थित शांतिनगर मार्ग निवासी के रूप में हुई है। वह हमीरपुर में जायका प्रोजेक्ट के तहत प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी से जुड़े एक्सपर्ट के पद पर कार्यरत थे। उनकी अचानक हुई मौत से उनके साथ काम करने वाले लोगों और परिचितों में शोक की लहर है।
उधर, पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम अब हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टैक्सी और ट्रक के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति और दुर्घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।