#अपराध
June 9, 2026
हिमाचल: "मैं जीना नहीं चाहता"... बहन को फोन कर कहा और फिर बीबीएमबी नहर में कूद गया युवक
पुलिस ने बीबीएमबी नहर में चलाया सर्च ऑपरेशन, परिजन सलामती की कर रहे प्रार्थना
शेयर करें:

सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत खतरवाड़ी का एक 30 वर्षीय युवक रहस्यमयी और संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।
आशंका जताई जा रही है कि युवक ने धनोटू-बग्गी संपर्क मार्ग पर स्थित मसोह पुल के पास बीबीएमबी (BBMB) नहर में छलांग लगा दी है। इस अनहोनी की भनक लगते ही पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों ने नहर के तेज बहाव के बीच संयुक्त रूप से एक बड़ा सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस जांच में अब नई जानकारी सामने आई है। जिसमें आशीष की बहन पूजा ने बताया कि उसके भाई आशीष ने सोमवार को उसे फोन किया था और कहा था कि मैं जीना नहीं चाहता और आत्महत्या करने जा रहा हूं। उसके बाद उसने फोन काट दिया था। बहन ने कई बार उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। बहन पूजा ने बताया कि उसका भाई लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
लापता युवक की पहचान 30 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र दया राम, निवासी गांव खतरवाड़ी (अप्पर बेहली, सुंदरनगर) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अविवाहित आशीष सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक उसका कोई अता-पता नहीं चला, तो परिजनों ने हर संभावित जगह, रिश्तेदारों और दोस्तों के घर उसकी तलाश की, लेकिन हर तरफ से मायूसी ही हाथ लगी। आशीष के इस तरह अचानक गायब होने से हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का बड़ा बयान : बोले- नशे की चपेट में आए युवा अपराधी नहीं, उन्हें उपचार की जरूरत
इसी बीच धनोटू-बग्गी संपर्क मार्ग पर स्थित मसोह पुल के समीप कुछ लोगों ने बीबीएमबी नहर में एक व्यक्ति के छलांग लगाने की सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों की इस सूचना ने मामले को और गंभीर बना दिया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नहर में छलांग लगाने वाला व्यक्ति कौन था, लेकिन युवक के लापता होने और मिली सूचना के बीच संबंध होने की आशंका के चलते पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
एक तरफ जहां एनडीआरएफ के गोताखोर नहर की गहरी और तेज लहरों को चीरकर आशीष को ढूंढने की जद्दोजहद में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ बीबीएमबी नहर के किनारे का मंजर बेहद भावुक करने वाला है। लापता आशीष के रोते-बिलखते परिजन नहर किनारे डेरा डाले बैठे हैं। उनकी पथराई आंखें बस टकटकी लगाए पानी की लहरों को देख रही हैं और दिल भगवान से अपने कलेजे के टुकड़े की सलामती की गुहार लगा रहा है।
मामले में डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि खतरवाड़ी निवासी एक युवक की गुमशुदगी और मसोह पुल के पास बीबीएमबी नहर में किसी व्यक्ति के कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में उतार दिया गया है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और हम मामले के हर तथ्य की गहराई से पड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले को केवल एक हादसा मानकर नहीं चल रहा, बल्कि हर उस बारीक पहलू की जांच कर रही है जिसके कारण यह घटनाक्रम हुआ।