#अव्यवस्था
April 24, 2025
हिमाचल : सड़क पर चल रहा था टारिंग का काम, जाम में फंसी रही एंबुलेंस- नहीं बच पाया मरीज
सड़क की टारिंग, वायरल वीडियो और एंबुलेंस का सफर बना बहस का मुद्दा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के देहरा सिविल अस्पताल से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए 75 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की बीच रास्ते में मौत हो गई। इस घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क पर टारिंग हो रही थी और एक एंबुलेंस फंसी हुई नजर आ रही है।
हालांकि पुलिस और विभागों का कहना है कि एंबुलेंस को रास्ता दिया गया था और मौत का इससे कोई लेना-देना नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति यह कहते सुना जा सकता है कि इतनी व्यस्त सड़क पर कामकाजी दिन में टारिंग क्यों की गई। उसका कहना था कि रविवार या कम ट्रैफिक के समय कार्य होता तो एंबुलेंस आसानी से निकल सकती थी। वीडियो में सायरन बजाती एंबुलेंस और धीरे-धीरे बढ़ते वाहन दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के राशन डिपो में मलका दाल हुई महंगी, कई खाद्य वस्तुओं के भी बढ़े दाम- नई दरें लागू
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन डॉ. सुरेश वालिया और एसपी देहरा मयंक चौधरी का कहना है कि वायरल वीडियो भ्रामक है। उनके अनुसार, टारिंग के दौरान ट्रैफिक सुचारु रूप से चल रहा था और पुलिस कर्मी मौके पर तैनात थे। एंबुलेंस चालक के बयान के अनुसार भी उसे रास्ता दिया गया था और कोई बाधा नहीं आई थी।
देहरा की कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी व्यस्त सड़कों पर कार्य सप्ताहांत या छुट्टी के दिन किया जाए ताकि लोगों को असुविधा न हो और आपातकालीन सेवाएं बाधित न हों।
हालांकि विभाग का दावा है कि मरीज की मौत सड़क जाम से जुड़ी नहीं है, लेकिन यह घटना प्रशासनिक समन्वय और आमजन की सुविधा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती है। क्षेत्र में चर्चा तेज है कि अगर सड़क व्यवस्थित होती तो शायद मरीज की जान बचाई जा सकती थी।