#अपराध
May 17, 2026
हिमाचल : कलयुगी बेटे ने पिता पर चलाया चा*कू, बचाव करने आई मां और पत्नी को भी नहीं छोड़ा
शराब के नशे में घर पहुंचे युवक ने किया हंगामा
शेयर करें:

बिलासपुर। कहते हैं कि शराब कई बार हंसते-खेलते परिवारों की खुशियों को पलभर में बर्बादी में बदल देती है। कुछ ऐसा ही दर्दनाक मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां नशे में धुत एक युवक ने अपने ही परिवार पर कहर बरपा दिया। आरोपी ने शराब के नशे में अपने पिता पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई और माहौल पूरी तरह दहशत भरा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के सायर गांव से सामने आया है। यहां पर आरोपी युवक देर शाम शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर आते ही उसकी व्यवहार बेहद आक्रामक हो गया और उसने अपनी मां, पिता और पत्नी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
परिवार के लोगों ने जब उसे शांत करने और रोकने की कोशिश की, तो वह और अधिक उग्र हो गया और देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई।स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब युवक ने अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि उसने अपने पिता राम लाल पर छुरी से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और काफी खून बह गया। इस अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।
बीच-बचाव करने आई उसकी मां और पत्नी भी इस हिंसक झगड़े की चपेट में आ गईं और उन्हें भी चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्कंड ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद राम लाल की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स कोठीपुरा रेफर कर दिया। बाकी घायलों का भी इलाज जारी है।
इधर, मामले में पीड़ित परिवार की ओर से आरोपी युवक के बड़े भाई किशोरी लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि आरोपी युवक लंबे समय से शराब पीकर घर में झगड़ा और हंगामा करता रहा है, जिससे परिवार परेशान था। लेकिन इस बार उसने सारी हदें पार करते हुए अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।