#अव्यवस्था
September 3, 2025
हिमाचल : मौज करता रहा बिजली विभाग का अधिकारी! अंधेरे में रहने को मजबूर हुए लोग
प्रदेश में लागू है आपदा प्रबंधन अधिनियम
शेयर करें:
लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश इन दिनों आपदा की मार झेल रहा है। जिसके चलते तमाम विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को जनता की मूलभूत सुविधाएं देने के लिए उनकी छुट्टियां तक रद्द कर दी गई हैं। मगर इस बीच जिला लाहौल-स्पीति में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य विद्युत बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कार्यकारी अभियंता विजय कुमार ठाकुर को अपनी जिम्मेदारियों से लापरवाही बरतने और एक महिला अधिकारी से अभद्र व्यवहार करने के आरोपों के चलते निलंबित किया गया है। बताया जा रहा है कि, विजय ठाकुर लगभग एक माह तक बिना प्रशासन को सूचित किए ड्यूटी से नदारद रहे।
उनकी तैनाती केलांग में थी, लेकिन वे इस दौरान मनाली में ही रुके रहे। जिले में लगातार प्राकृतिक आपदाओं से हालात बिगड़े हुए थे और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी, जिससे अस्पतालों, घरों और राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही थीं। इसके बावजूद वे समय पर कार्यस्थल पर रिपोर्ट नहीं कर रहे थे।
प्रशासन ने जब उन्हें एक सितंबर को तत्काल ड्यूटी ज्वाइन करने का आदेश दिया, तब भी उन्होंने इसे अनदेखा किया। मंगलवार को भी उन्होंने आपदा की स्थिति का हवाला देकर ड्यूटी पर आने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही उनके खिलाफ एक महिला अधिकारी से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत भी दर्ज हुई है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए उपायुक्त किरण भड़ाना ने उन्हें निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि आपदा प्रबंधन जैसे संवेदनशील समय में किसी भी अधिकारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि, प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम (NDMA) लागू किया गया है, जिसके तहत जिला प्रशासन को यह अधिकार है कि वह आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों को छुट्टी देने से इनकार कर सकता है और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कर सकता है।