शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चल रहे सूखे और बढ़ती गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले छह दिन तक मौसम के बदले रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए आंधी और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से न रुकने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें : लापता ITBP जवान की मिली देह, परिवार ने जताया लड़की पर शक- पुलिस को बताई पूरी बात

ऊंचे इलाकों में हिमपात

मौसम विभाग का कहना है कि अगले छह दिनों के दौरान प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं, मध्यम और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के हल्के दौर पड़ने की संभावना है।

निचले क्षेत्रों में बारिश के आसार

बुधवार देर रात भी लाहौल-स्पीति जिले की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जिससे इलाके में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम का यह बदलाव और स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें : वर्दी फाड़ी- बिखेर दिया कैश : HRTC के ड्राइवर-कंडक्टर पर बरसे लात-घूसे, मामला दर्ज

ऊंचे इलाकों में बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ थोड़ा कमजोर पड़ सकता है, लेकिन 14 मार्च को एक नया और अपेक्षाकृत मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस हिमाचल पर असर दिखाएगा। इसके प्रभाव से 15 मार्च को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

फिर साफ रहेगा मौसम

इसके बाद भी मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं। 16 और 17 मार्च को भी कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आ गया चिट्टे का बाप : सिरमौर की लड़की से बरामद हुआ 1 करोड़ का नशा..

बारिश के बाद गर्मी से मिलेगी राहत

पिछले कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा था। बीते करीब छह दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से 6 से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। इससे लोगों को मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का एहसास होने लगा था।

 

मौसम विभाग का मानना है कि अगर आगामी दिनों में अनुमान के अनुसार बारिश और बर्फबारी होती है तो तापमान में गिरावट आएगी और प्रदेशवासियों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें : चलती HRTC बस से लटका स्कूली बच्चा : वीडियो देख उड़े होश, ड्राइवर-कंडक्टर की लगी 'क्लास'

अब तक बारिश का भारी अभाव

इस साल सर्दियों के अंतिम चरण और मार्च की शुरुआत में बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक फरवरी महीने में सामान्य से करीब 96 प्रतिशत कम वर्षा हुई, जबकि मार्च में अब तक सामान्य के मुकाबले 100 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता

लगातार बारिश की कमी के कारण कई क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। खेतों में नमी की कमी और जल स्रोतों के कमजोर पड़ने से किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों के दौरान संभावित बारिश को प्रदेश के लिए राहत की उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें