#अपराध

March 11, 2026

वर्दी फाड़ी- बिखेर दिया कैश : HRTC के ड्राइवर-कंडक्टर पर बरसे लात-घूसे, मामला दर्ज

ढाबे पर चाय पीने रुके थे ड्राइवर-कंडक्टर

शेयर करें:

HRTC Staff Assault

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। देर रात मंडी बस स्टैंड के पास दो युवकों ने बस चालक और परिचालक के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि उन पर हमला भी कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ढाबे पर चाय पीने रुके थे ड्राइवर-कंडक्टर

प्राप्त जानकारी के अनुसार HRTC के परवाणू डिपो की एक बस (HP15B 3378) दिल्ली से मनाली रूट पर चल रही थी। इस बस को चालक भास्कर गौतम और परिचालक ललित कुमार संचालित कर रहे थे। बुधवार तड़के करीब 1:15 बजे जब बस मंडी बस स्टैंड के बाहर पहुंची, तो चालक और परिचालक पास के एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुक गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आ गया चिट्टे का बाप : सिरमौर की लड़की से बरामद हुआ 1 करोड़ का नशा..

इसी दौरान दो युवक बस के अंदर पहुंचे और यात्रियों से आधार कार्ड दिखाने के नाम पर उन्हें परेशान करने लगे। यात्रियों को इस तरह तंग किए जाते देख जब चालक और परिचालक ने इसका विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों युवक भड़क गए।

कंडक्टर को आए चोट के निशान

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने ढाबे के अंदर ही चालक और परिचालक पर हमला कर दिया। इस दौरान चालक भास्कर गौतम की वर्दी दाहिने कंधे से फाड़ दी गई और उनके कंधे पर लगे बटन भी तोड़ दिए गए।

यह भी पढ़ें : लापता ITBP जवान की मिली देह, परिवार ने जताया लड़की पर शक- पुलिस को बताई पूरी बात

वहीं परिचालक ललित कुमार के साथ भी जमकर मारपीट की गई। एक आरोपी ने उनके चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा, जिससे उनकी बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट लग गई। हाथापाई के दौरान परिचालक का बैग भी जमीन पर गिर गया, जिससे टिकट मशीन में रखी नकदी बाहर बिखर गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

चालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सनत शर्मा पुत्र मनीष कुमार, निवासी जंजैहली और शशि शर्मा पुत्र गोपाल शर्मा, निवासी मंडी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी दो अलग-अलग कारों HP87A 1310 और HP33D 6565 में वहां पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें : चलती HRTC बस से लटका स्कूली बच्चा : वीडियो देख उड़े होश, ड्राइवर-कंडक्टर की लगी 'क्लास'

मामले को लेकर थाना सदर मंडी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकना), 121(1) (चोट पहुंचाना) और 3(5) (समान इरादे से अपराध करना) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

दोषियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है और अब पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यदि आरोप साबित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख