शिमला। हिमाचल प्रदेश में 13 सितंबर के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15-16 सितंबर तक प्रदेश के मध्य पर्वतीय और निचले मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि बारिश बढ़ने के बावजूद इस दौरान मानसून के ज्यादा सक्रिय रहने के आसार नहीं हैं।
धर्मशाला में झमाझम बारिश, कांगड़ा और शिमला में भी बरसे बादल
शुक्रवार को धर्मशाला में जमकर बारिश हुई। यहां करीब 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं कांगड़ा में 12.6 मिलीमीटर बारिश हुई। शिमला में दिनभर बादल और धुंध छाई रही, जिसके बाद शाम को हल्की बारिश देखने को मिली। बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ED की बड़ी कार्रवाई: फार्मा इंडस्ट्री में सुबह-सुबह पहुंची टीम; मचा हड़कंप
हिमाचल में 60 सड़कें बंद, बहाली का काम जारी
बारिश और मौसम की वजह से प्रदेश में अभी भी 60 सड़कें बंद हैं। इन्हें खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से लगातार काम किया जा रहा है। लोगों को बंद सड़कों के कारण आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मानसून में अब तक सामान्य से 12 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान सामान्य से कम बारिश हुई है। 10 सितंबर तक हिमाचल में सामान्य तौर पर 674 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 595 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी प्रदेश में सामान्य से करीब 12 फीसदी कम बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 22 हजार में डोला वन विभाग के बीओ का ईमान, रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथ धरा
सितंबर में भी बारिश की कमी
सितंबर के पहले 10 दिनों में भी बारिश सामान्य से कम रही। इस दौरान सामान्य तौर पर करीब 60 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन प्रदेश में सिर्फ 46 मिलीमीटर बारिश हुई। यानी सितंबर में अब तक सामान्य से करीब 23 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
मानसून से हिमाचल को अब तक 1662 करोड़ रुपये का नुकसान
मानसून की वजह से प्रदेश में जान-माल और सरकारी संपत्तियों को भी काफी नुकसान हुआ है। अब तक हिमाचल में मानसून के दौरान करीब 1662 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बदल जाएगी Himcare! अब इलाज के लिए मिलेगा 10 लाख, आज कैबिनेट में लगेगी मुहर
अगले 48 घंटे कमजोर रहेगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार प्रदेश में पिछले चार-पांच दिनों से मानसून कमजोर चल रहा है। अगले 48 घंटे भी मानसून के कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
25 सितंबर के आसपास हिमाचल से विदा हो सकता है मानसून
हिमाचल प्रदेश से मानसून की सामान्य विदाई करीब 25 सितंबर के आसपास होती है। फिलहाल मानसून की वापसी में करीब दो सप्ताह का समय बाकी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों में मानसून की वापसी को लेकर स्थिति और साफ हो सकती है। ऐसे में सितंबर के बचे हुए दिनों में होने वाली बारिश से प्रदेश में बारिश की मौजूदा कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
