शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखा रहा है। सोमवार रात हुई तेज बारिश ने चंबा जिले में लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दीं। आधी रात को हुई मूसलाधार बारिश के कारण सरोल मोहल्ले में अचानक फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बन गई।

भारी बारिश से मचा हाहाकार

तेज बहाव के साथ आए पानी और मलबे ने रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए रात के अंधेरे में घरों से बाहर निकलना पड़ा। कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर भागे, जबकि कुछ लोगों ने पूरी रात सड़क किनारे या खुले स्थानों पर गुजारनी पड़ी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की दर्दनाक तस्वीर! आपदा के 2 साल बाद भी तिरपाल के नीचे पढ़ने को मजबूर 86 बच्चे

कई घरों में घुसा मलबा

बारिश के साथ आए भारी मलबे ने इलाके में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। कई मकानों में मिट्टी, पत्थर और मलबा भर गया, जिससे घरों के अंदर रखा सामान भी खराब हो गया। एक मकान की पूरी मंजिल मलबे में दब गई, जिससे भवन को गंभीर क्षति पहुंची।

फ्लैश फ्लड में बहीं गाड़ियां

कई वाहन भी मलबे और पत्थरों की चपेट में आ गए, जिनमें टूट-फूट की घटनाएं सामने आई हैं। प्रभावित परिवार अब नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं, जबकि प्रशासन भी स्थिति का जायजा ले रहा है।

यह भी पढ़ें- नहीं बख्शा माता का दरबार! चिंतपूर्णी मंदिर के सुगम पास में बड़ा घोटाला- जांच शुरू

खड्डों-नालों का जलस्तर बढ़ा

उधर, राजधानी शिमला में भी सोमवार रात से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर छोटे-छोटे नालों और खड्डों का जलस्तर बढ़ने से लोगों में चिंता का माहौल है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर भी गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है और कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- पत्नी के लिए हिमाचल का SP बना शख्स : हरियाणा पुलिस पर झाड़ा रौब, अब पकड़ा गया

सतर्क रहने की सलाह

विशेष रूप से 30 और 31 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

 

आज भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज के लिए सिरमौर और बिलासपुर जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं शिमला, मंडी और सोलन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में स्थानीय स्तर पर तेज बारिश होने के साथ जलभराव, छोटे नालों में उफान और भूस्खलन जैसी स्थितियां बनने की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुबह-सवेरे सड़क से नीचे घरों पर पलटा दूध का टैंकर, हुआ धमा.का- 3 थे सवार

फ्लैश फ्लड का भी खतरा

IMD ने मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा भी व्यक्त किया है। विभाग का कहना है कि अचानक तेज बारिश होने की स्थिति में छोटे नाले और खड्ड अचानक उफान पर आ सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका रहती है।

 

नदी-नालों से रहें दूर

ऐसे में लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के यूट्यूबर रोहित कटवाल गिरफ्तार- 3 दिन की रिमांड पर भेजा गया..

कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार,

  • 28 से 31 जुलाई के बीच कई स्थानों पर अत्यधिक वर्षा दर्ज की जा सकती है।
  • 29 जुलाई को सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कांगड़ा और शिमला जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
  • 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और कुल्लू जिलों के लिए येलो अलर्ट रहेगा।
  • 31 जुलाई को भी मौसम के तेवर नरम पड़ने के आसार नहीं हैं। विभाग ने ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और शिमला जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सिरमौर, सोलन, कुल्लू, मंडी और हमीरपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं का खतरा बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 3 साल की नीतिक्षा का कमाल, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का शुद्ध पाठ कर बनाया रिकॉर्ड

2 अगस्त तक होती रहेगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 2 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ प्राकृतिक आपदाओं का जोखिम बढ़ सकता है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

तापमान में आएगा बदलाव

बारिश बढ़ने के साथ प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। अभी अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ अधिक दर्ज किया जा रहा है, लेकिन लगातार बादल छाने और वर्षा होने से आज से तापमान में हल्की गिरावट शुरू होने की संभावना है। 30 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ने पर दिन के तापमान में और अधिक कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि बारिश से जुड़ी परेशानियां बढ़ने की आशंका भी बनी रहेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें