शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 से 31 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 30 और 31 जुलाई को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, नदी-नालों के पास जाने से बचने और बिना जरूरी काम के यात्रा न करने की सलाह दी है।

अगले चार दिन जमकर बरसेंगे बादल

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 27 जुलाई से 1 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

यह भी पढ़ें- बाढ़ ने 16 परिवारों को किया बेघर- वीरभद्र फाउंडेशन आया आगे, विक्रमादित्य ने पहुंचाई मदद 

वहीं, कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई की देर रात से 31 जुलाई के बीच बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में जारी हुआ येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 27 जुलाई को सोलन और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 28 जुलाई को बिलासपुर और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना है। 29 जुलाई को सिरमौर जिले में येलो अलर्ट रहेगा।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 3 साल की नीतिक्षा का कमाल, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का शुद्ध पाठ कर बनाया रिकॉर्ड

 

वहीं, 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 31 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और शिमला में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

कंडाघाट में 100 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। सोलन के कंडाघाट में करीब 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर के काहू में 40 मिलीमीटर, कुल्लू के कोठी में करीब 20 मिलीमीटर, शिमला शहर में 16 मिलीमीटर और कुफरी में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। सिरमौर समेत कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के यूट्यूबर रोहित कटवाल गिरफ्तार- 3 दिन की रिमांड पर भेजा गया..

अभी फ्लैश फ्लड का खतरा नहीं

मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है। पिछले 24 घंटों में बारिश की तीव्रता ज्यादा नहीं रही। हालांकि, 28 जुलाई से शुरू होने वाले बारिश के नए दौर में अगर हालात बिगड़ते हैं तो मौसम विभाग समय-समय पर फ्लैश फ्लड बुलेटिन जारी करेगा। लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

मानसून सीजन में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। 1 जून से 27 जुलाई तक पूरे मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने इसे सामान्य श्रेणी में माना है।