हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार का दिन गहरे शोक में डूबा रहा। बड़सर उपमंडल की महारल पंचायत के काली चिक गांव में उस वक्त माहौल बेहद भावुक हो गया- जब अमन कुमार का पार्थिव शरीर पूरे 16 दिन बाद अपने घर पहुंचा।
16 दिन बाद घर पहुंची देह
साउथ अफ्रीका में स्विमिंग पूल में डूबने से हुई इस दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आज अमन के पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया। अमन की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से स्कूल के लिए निकला था 16 वर्षीय छात्र, नहीं लौटा वापस- 2 दिन से खोज रहा परिवार
विदेश में हुई अमन की मौत
बीती 11 अप्रैल 2026 को विदेश में हुए इस हादसे के बाद से ही परिवार एक ही उम्मीद में जी रहा था- कि किसी तरह बेटे को आखिरी बार देख सकें। पिता उधम सिंह ने हर मुश्किल को पार करते हुए, खर्च और भागदौड़ की परवाह किए बिना बेटे का शव विदेश से मंगवाया- ताकि उसका अंतिम संस्कार अपने गांव की पवित्र मिट्टी में किया जा सके।
इकलौते बेटे की देह देख मां-बाप बेसुध
रविवार सुबह करीब सात बजे जैसे ही अमन का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, परिवार का दर्द फूट पड़ा। मां-बाप अपने इकलौते बेटे को देखकर बेसुध हो गए। चीख-पुकार से पूरा माहौल गूंज उठा और वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी : बढ़ते तापमान से बीमार पड़ रहे लोग, जानिए बचाव के आसान तरीके
हिंदू रीति-रिवाज से संस्कार
करीब 9 बजे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अमन का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल इतना मार्मिक था कि हर कोई शब्दहीन नजर आया। गांव के लोगों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
शादी की तैयारियों में मातम
इस हादसे ने परिवार के उन सपनों को भी चकनाचूर कर दिया, जो अभी कुछ ही दिनों में पूरे होने वाले थे। अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उनके बुढ़ापे का सहारा भी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अगले महीने 12 दिन लटका रहेगा बैंकों में ताला, यहां देखिए छुट्टियों की पूरी लिस्ट
माता-पिता के सपने टूटे
उसने केरल की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी और 10 मई को घर आकर पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की रस्में निभाने की तैयारी थी। घर में खुशियों का माहौल बनने ही वाला था, लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने सब कुछ बदल दिया।
