शिमला। हिमाचल प्रदेश के बेरोजगारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। CM सुक्खू ने हिमाचल पुलिस में 800 कांस्टेबलों के पदों को भरने का ऐलान किया है। ये भर्ती प्रक्रिया दो महीनों के अंदर-अंदर की जाएगी।
1253 ट्रेनी कॉन्स्टेबल को जॉइनिंग लेटर दिए
आपको बता दें कि CM सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTC) डरोह में आयोजित रोजगार संकल्प मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर CM ने नव-नियुक्त 1253 ट्रेनी पुलिस कांस्टेबलों को जॉइनिंग लेटर सौंपे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एंबुलेंस बनी डिलीवरी रूम : अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही महिला ने जन्मा बेटा
नशा नहीं करने की दिलाई शपथ
साथ ही उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण भाव से सेवा करने का आह्वान किया। CM सुक्खू ने कहा कि ये सभी जवान न केवल पुलिस विभाग का हिस्सा बने हैं, बल्कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की लड़ाई में अहम भूमिका निभाएंगे।
नशे के खिलाफ लड़ाई में होगी अहम भूमिका
CM ने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज नशे जैसी गंभीर चुनौती से जूझ रहा है और ऐसे समय में पुलिस बल की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा कांस्टेबल पूरी निष्ठा के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज को नशे से बचाने के अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के साथ अन्याय कर रही मोदी सरकार : बार-बार बजट मांग डाल रही बोझ- डिप्टी CM
पिछली भर्तियों की खामियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भर्ती प्रक्रियाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी थीं, जिससे युवाओं में भारी निराशा और आक्रोश था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
दो महीने में 800 और कांस्टेबल भर्ती होंगे
मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले दो महीनों के भीतर 800 अतिरिक्त पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। इससे प्रदेश की पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभालने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अपने इलाके से पहले ब्रिगेडियर बने सुनील, बूढ़ी मां गदगद; खुशी में घर-घर बांटी मिठाई
पूर्व सैनिकों के लिए फैसला
CM ने पुलिस बल में शामिल पूर्व सैनिकों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब इस वर्ष से भर्ती होने वाले सभी पूर्व सैनिकों को 10 वर्ष की सेवा के बाद मानद हेड कांस्टेबल और 15 वर्ष की सेवा के बाद मानद सहायक उप निरीक्षक (ASI) का दर्जा दिया जाएगा।
इसके अलावा कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पदोन्नति के लिए बी-1 परीक्षा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि इस पर हाईकोर्ट की अंतरिम रोक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में चार दिन बरसेंगे बादल : जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, विभाग ने जारी किया अलर्ट
चिट्टा मामलों में सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि चिट्टा तस्करी से जुड़े मामलों में अब तक 12 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया जा चुका है। यदि अन्य विभागों के कर्मचारी भी ऐसे मामलों में संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ऊना और बिलासपुर का दौरा
PTC डरोह कार्यक्रम के बाद CM सुक्खू ऊना जिले के अंब पहुंचे। आज रात CM यहीं रुकेंगे। इसके बाद गुरुवार सुबह वे ऊना से बिलासपुर जिले के घुमारवी जाएंगे। वहां वे 69वीं अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद हैंडबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके उपरांत घुमारवी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में लगेगा रोजगार मेला : आठवीं पास भी कर सकते हैं आवेदन, हर महीने 23 हजार मिलेगी सैलरी
सहकारी बैंक शाखा का उद्घाटन
कांगड़ा रवाना होने से पहले CM सुक्खू ने शिमला के कैंथू में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की नव-स्थापित शाखा का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय से बैंक शाखा की मांग थी, जिसे स्थानीय विधायक हरीश जनारथा के आग्रह पर पूरा किया गया है।
मजबूत होगा बैंकिंग नेटवर्क
उन्होंने कहा कि राज्य में सहकारी बैंकिंग नेटवर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सहकारी बैंक किसानों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक संबल प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की जमा राशि सहकारी बैंक में रखे जाने से प्रदेश की सहकारी बैंकिंग प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।
