शिमला। हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के बीच भी नशा तस्करी का सिलसिला नहीं थमा। हिमाचल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए HRTC बस में सफर कर रहे एर युवक को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

गश्त पर थी पुलिस टीम

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल बालूगंज थाना पुलिस और स्पेशल सेल शिमला की संयुक्त टीम शोघी क्षेत्र में नियमित गश्त और अपराध निवारण ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को एक HRTC बस में मौजूद एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। संदेह के आधार पर बस की तलाशी ली गई और युवक की जांच करने पर उसके कब्जे से 13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की इस पंचायत का बड़ा फैसला : खुले में शराब पीने पर लगेगा हजारों का जुर्माना

आरोपी की पहचान

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान अजय ठाकुर उर्फ अजू निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

 

कहां से लाया था खेप?

जांच एजेंसियां अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि मादक पदार्थ की खेप उसे कहां से मिली थी और उसका अंतिम गंतव्य क्या था। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई संगठित ड्रग्स नेटवर्क सक्रिय तो नहीं है। पुलिस उन लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जो इस अवैध कारोबार से जुड़े हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश का कहर : 5 जिलों में रेड अलर्ट, फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही- कई जिलों के स्कूल बंद

आरोपी से हो रही कड़ी पूछताछ

पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया पूरी करेगी, ताकि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है।

नशा तस्करों की खैर नहीं

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित जांच, गश्त और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें