चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा शहर में सोमवार शाम हुई एक सनसनीखेज वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। ड्यूटी से घर लौट रही एक महिला पर बीच रास्ते में दो बाइक सवार युवकों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।
महिला पर दिनदहाड़े हमला
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश का कहर : 5 जिलों में रेड अलर्ट, फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही- कई जिलों के स्कूल बंद
ड्यूटी से घर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, ज्योति शर्मा, जो NHPC में कार्यरत हैं, सोमवार शाम अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थीं। रास्ते में एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी को कथित तौर पर लापरवाही से ओवरटेक किया। महिला ने इस पर आपत्ति जताई और युवकों को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही।
महिला पर चाकू से हमला
कुछ ही दूरी आगे बढ़ने पर बाइक के पीछे बैठे युवक ने महिला की स्कूटी के बराबर पहुंचकर उनकी बाजू पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर ही घायल हो गई। यह पूरी घटना चामुंडा माता मंदिर के समीप हुई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की इस पंचायत का बड़ा फैसला : खुले में शराब पीने पर लगेगा हजारों का जुर्माना
बाइक पर थे दोनों युवक
महिला ने बताया कि दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था- जिस कारण वो उनके चेहरे देख पाई। घटना के दौरान महिला बाइक का नंबर भी नोट नहीं कर पाईं, जिसके कारण पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
अस्पताल में महिला भर्ती
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज, चंबा पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: सुक्खू सरकार ने दोगुनी की शिक्षकों की पुरस्कार राशि, पंचायत चौकीदारों को भी तोहफा
CCTV खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वारदात स्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और फरार युवकों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
उठ रहे कई गंभीर सवाल
इस घटना के बाद चंबा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग पर हुई इस वारदात ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी निगरानी व्यवस्था जरूरी है, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
