शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रोहड़ू उपमंडल में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गांव की पेयजल आपूर्ति टैंक में जहरीला कीटनाशक मिला दिया।
पानी के टैंक में मिलाया जहर
इस मामले में उजागर होने के बाद क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैल गई है। इस खुलासे के बाद गांव में हड़कंप मच हुआ है। लोग दहशत में आ गए है कि आखिर किसने और क्यों इतनी बड़ी साजिश रची।
यह भी पढ़ें: पंजाब से हिमाचल सप्लाई हो रहा था 'माल', पुलिस ने धरे पांच तस्कर- ढेर सारा चिट्टा भी किया बरामद
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
घटना टिक्कर तहसील के बरेष्टू गांव की है। गांव निवासी आदर्श शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 फरवरी की दोपहर वह घर पर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने पीने के लिए पानी लिया तो उसमें से दवा जैसी तेज और अजीब गंध महसूस हुई।
अगर देर हो जाती तो...
शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद पाइपलाइन में कोई तकनीकी समस्या हो, लेकिन गंध असामान्य और तीखी थी। आदर्श शर्मा ने बिना देर किए आसपास के पड़ोसियों को सतर्क किया और सभी को फिलहाल पानी पीने से मना कर दिया। गांव के अन्य लोगों ने भी पानी की गंध महसूस की, जिसके बाद मामला गंभीर होता चला गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के दो युवकों से मिली 15 किलो चरस : डील करने जा रहे थे मुंबई, पुलिस ने रास्ते में ही दबोचा
पानी में जहर होने की पुष्टि
ग्रामीणों की सूचना पर जल शक्ति विभाग को अवगत कराया गया। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर टैंक और सप्लाई लाइन से पानी के सैंपल लिए और जांच के लिए भेजे। जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि पानी में कीटनाशक की मिलावट पाई गई है।
गांव वालों की जान को खतरा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पानी में सेब के बगीचों में उपयोग होने वाला कीटनाशक “डर्मिट” मिलाया गया था। यह रसायन फसलों को कीटों से बचाने के लिए प्रयोग किया जाता है, लेकिन मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है। अगर यह दूषित पानी लोग पी लेते, तो उल्टी, चक्कर, सांस लेने में दिक्कत जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती थीं। अधिक मात्रा में सेवन जानलेवा भी साबित हो सकता था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : कैंसर मरीज को मिला नया जीवन, डॉक्टरों ने बाहर निकाला महिला का पेट- 6 घंटे चली सर्जरी
30 घर, 200 लोग… सबकी जान दांव पर
गांव के लगभग 30 घरों को इसी टैंक से पेयजल आपूर्ति की जाती है। अनुमान है कि करीब 200 लोग इस पानी पर निर्भर हैं। ऐसे में यह केवल शरारत नहीं, बल्कि सामूहिक रूप से लोगों की जान जोखिम में डालने जैसा गंभीर अपराध है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के तहत यह पता लगाया जा रहा है कि टैंक तक किसकी पहुंच थी और किसने जानबूझकर इस तरह की हरकत की। आसपास के इलाकों में लगे CCTV की फुटेज खंगाली जा रही है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला आपसी रंजिश, निजी दुश्मनी या किसी अन्य साजिश से जुड़ा है या नहीं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में घने कोहरे का येलो अलर्ट : कब होगी बारिश-बर्फबारी? यहां जानें मौसम अपडेट
गांव में दहशत, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल उस टैंक की आपूर्ति बंद कर दी गई है और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी को जल्द पकड़ लिया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
