सोलन। हिमाचल प्रदेश में फैल रहा नशा तस्करी का जाल पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है। पहाड़ी जिलों की शांत वादियों के बीच नशे का कारोबार जिस तेजी से पांव पसार रहा है, वह समाज और युवा पीढ़ी दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। पुलिस लगातार गश्त, छापेमारी और अभियान चला रही है, लेकिन तस्करों की सक्रियता रुकने का नाम नहीं ले रही।
वाहनों की चेकिंग कर रही टीम
ताजा मामला जिला सोलन से पेश आया है। यहां पुलिस की SIU टीम ने नशे की खेप के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आज शुक्रवार को की गई, जब SIU टीम इलाके में गश्त और वाहनों की नियमित जांच कर रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिता ने दुकानदारी कर पढ़ाई बेटी, JRF परीक्षा में लाडली ने लहराया परचम
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक सनवारा टोल प्लाजा के पास नशे की खरीद-फरोख्त करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए रणनीति बनाई और सनवारा टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर दी।
कार में छिपाकर रखी थी नशे की खेप
नाकाबंदी के दौरान सामने से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखते ही कार में सवार तीनों युवक घबरा गए, जिससे टीम को शक हुआ। संदेह के आधार पर SIU टीम ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवकों के कब्जे से 18.59 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पति ने दिया साथ, पत्नी की मेहनत लाई रंग- दो बच्चों की मां ने क्वालीफाई किया NET
आरोपियों की पहचान
सचिन राठौर उम्र 27 साल, पुत्र बलबीर राठौर निवासी गांव पुन्दर, जिला शिमला
नवनीत उर्फ सन्नी उम्र 29 साल पुत्र लोकेंद्र सिंह निवासी गांव पुन्दर, जिला शिमला
मनीष कुमार उम्र 25 साल पुत्र तपेंद्र निवासी गांव चौकर, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस टीम ने मौके पर नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान नशा ले जाने में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी के 3 महीने बाद नई-नवेली दुल्हन का मर्ड.र, पति ने भाई-भतीजी संग मिल किया कांड
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं। मामले की आगे की जांच लगातार जारी है।
