सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भटोली कलां में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
छोटी सी कहासुनी के बाद बढ़ गया विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र भटोली से सामने आया है। यहां पर बीते मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति में गुस्से में आकर अपनी पत्नी के सिर पर बेलन से कई बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP और SFI में झड़प : DC ऑफिस के बाहर धक्कामुक्की से बढ़ा तनाव, कांग्रेस भड़की
हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंका
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव को सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया।
झारखंड के रहने वाले थे पति-पत्नी
मृतक महिला की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सुरेंद्र बेदिया बताया जा रहा है। दोनों झारखंड के रामगढ़ जिले के रहने वाले थे। पति-पत्नी बद्दी की एक निजी कंपनी में काम करते थे और भटोली क्षेत्र में बिरला कंपनी के पास एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।
यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया की ताकत....परिजनों को दो दिन में मिला बेटा, ब्रजेश्वरी मंदिर से हुआ था लापता
FSL टीम ने जुटाए अहम सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP बद्दी विनोद धीमान भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और हत्या से जुड़े सभी जरूरी सबूत जुटाए। घटना की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बद्दी भेज दिया है।
पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
SP बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
