सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार देर शाम चौक बाजार के पास दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है।
छोटी सी कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट
मृतक युवक की पहचान अमन निवासी कालका, हरियाणा के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पहले दोनों पक्षों में बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के खजाने की बिगड़ी सेहत, वेतन-पेंशन, ब्याज पर 33266 करोड़ का खर्चा; सब्सिडी का लॉलीपोप....
एक युवक की उंगली कटी, दूसरे के सिर पर लगा वार
इस झड़प में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि एक युवक की उंगली कट गई, जबकि दूसरे के सिर पर तेजधार हथियार से वार किया गया। दोनों घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए और आरोपियों की पहचान करने के बाद दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंथन और अंकुश के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था।
यह भी पढ़ें : मणिमहेश में जन्माष्टमी पर उमड़ा सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र डल झील में लगाई आस्था की डुबकी
SP और ASP ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा और एएसपी रमेश शर्मा भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुलिस टीम को मामले की पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं।
शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने की बात
शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एसपी सोलन ने कहा कि हाल की घटनाओं को देखते हुए शहर में पुलिस गश्त के तरीके की समीक्षा की जाएगी। साथ ही लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
