सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भटोली कलां में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद के बाद महिला की मौत हुई। पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ रहे हैं।
परिचित ने पुलिस को दी पूरी जानकारी
झारखंड निवासी सुरजीत कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे सुरेंद्र बेदिया ने उसे फोन किया था। सुरेंद्र ने कहा कि उसकी पत्नी शाम करीब साढ़े आठ बजे कमरे से बाहर गई थी, लेकिन अभी तक वापस नहीं लौटी।
यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात
इसके बाद दोनों उसकी तलाश में निकल गए। कुछ देर बाद जब वे कमरे के आसपास पहुंचे तो एक दुकान के बाहर सुनीता देवी जमीन पर पीठ के बल पड़ी मिली। उसकी हालत देखकर सुरजीत कुमार ने तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मृतका की पहचान सुनीता देवी के रूप में हुई
मृतका की पहचान सुनीता देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति सुरेंद्र बेदिया के साथ बिरला लेबर गेट के पास किराए के कमरे में रहती थी। दोनों मूल रूप से झारखंड के रामगढ़ जिले के रहने वाले थे और बद्दी क्षेत्र की निजी कंपनियों में काम करते थे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बादल फटने से दो गांव तबाह, तीसरे पर मंडरा रहा खतरा; 160 लोग हुए बेघर
पति पर पहले भी मारपीट करने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। इसी आधार पर पुलिस ने घरेलू हिंसा के आरोपों को भी जांच में शामिल किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच घटना से पहले किस बात को लेकर विवाद हुआ था।
क्या था मामला ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र भटोली से सामने आया है। यहां पर बीते मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति में गुस्से में आकर अपनी पत्नी के सिर पर बेलन से कई बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून दे रहा जख्म: 66 लोगों ने गंवाया जीवन, करीब 100 सड़कें बंद
हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंका
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव को सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया।
SP और एएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके और किराए के कमरे की बारीकी से जांच की और कई वैज्ञानिक साक्ष्य व जैविक नमूने जुटाए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : सहेली संग अस्पताल गई युवती नहीं लौटी घर, मां बोली- भगा कर ले गया युवक
हत्या का मामला दर्ज, पति गिरफ्तार
मृतका के शरीर पर मिले चोटों के निशान, घरेलू हिंसा के आरोप और घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बरोटीवाला पुलिस ने आरोपी पति सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि महिला की संदिग्ध मौत के मामले में जांच के बाद हत्या का केस दर्ज किया गया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
