शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस अब सिर्फ नशा तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के काले कारोबार से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों पर भी शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में जिला शिमला से एक ताजा मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से अर्जित करीब 17 लाख रुपए की अवैध संपत्ति को सीज कर लिया है।

रोहड़ू में 83 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए थे आरोपी

यह मामला पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, महेंदली पुल के पास पंजाब निवासी जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह को एक टैक्सी में 83 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उस वाहन को भी जब्त कर लिया था, जिसका इस्तेमाल नशे की तस्करी के लिए किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें- लाल टमाटर ने बदली किस्मत, किसानों ने किया 50 करोड़ का कारोबार

जांच आगे बढ़ी तो खुलने लगी नशे के कारोबार की परतें

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंच बनाई। इस मामले में कुछ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका है।

नशे के पैसों से खरीदी थी लग्जरी गाड़ी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी शुभम दरकाल निवासी चिड़गांव ने नशे की तस्करी से कमाए गए पैसों से एक लग्जरी वाहन खरीदा था। इसके अलावा मामले में बरामद की गई नकदी भी नशे के कारोबार से अर्जित की गई आय पाई गई। इसके बाद पुलिस ने इस अवैध कमाई से जुड़ी संपत्ति की जांच की।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 3 साल की नीतिक्षा का कमाल, महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र का शुद्ध पाठ कर बनाया रिकॉर्ड

लग्जरी वाहन और नकदी समेत 17 लाख की संपत्ति सीज

वित्तीय जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 68F के तहत कार्रवाई की। इसके तहत लग्जरी वाहन और नकदी समेत करीब 17 लाख रुपए की संपत्ति को फ्रीज/सीज करने के आदेश जारी किए गए। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति को कानून के तहत जब्त किया जाएगा।   

2026 में अब तक 4.29 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी से जुड़े 7 मामलों में 25 आरोपियों की कुल 4.29 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस का दावा है कि इस साल हिमाचल प्रदेश में किसी भी जिला पुलिस द्वारा की गई यह सबसे बड़ी संपत्ति जब्ती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के यूट्यूबर रोहित कटवाल गिरफ्तार- 3 दिन की रिमांड पर भेजा गया..

नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की तैयारी

पुलिस अब नशा तस्करी के खिलाफ अपनी रणनीति में आर्थिक जांच को भी अहम हिस्सा बना रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ केवल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करना ही काफी नहीं है। नशे से कमाई गई संपत्ति की पहचान कर उसे भी कानून के तहत जब्त करना जरूरी है।