सोलन। हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों में बसे विश्वविद्यालयों के आसपास नशे का कारोबार फैलाने की कोशिश कर रहे तस्करों के खिलाफ सोलन पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत छात्रों और युवाओं तक चिट्टा पहुंचाने के आरोपों में एक आदतन तस्कर को अब जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

छात्रों और युवाओं को बना रहा था निशाना

सोलन पुलिस ने आदतन चिट्टा तस्कर अनुज कुमार दुग्गल (41), निवासी कंडाघाट, को तीन महीने के लिए निवारक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की ओर से NDPS एक्ट के तहत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे प्रदेश सरकार और सक्षम प्राधिकारी ने मंजूरी दे दी। इसके बाद पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने 9 जून को आरोपी को हिरासत में लेकर जिला कारागार सोलन भेज दिया।

यह भी पढ़ें- CM सुक्खू ने बदला एक और नियम : गाड़ी नहीं हवाई जहाज से यात्रा करेंगे अफसर, जानें क्यों

वाकनाघाट क्षेत्र में चला रहा था नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, अनुज कुमार दुग्गल लंबे समय से वाकनाघाट क्षेत्र में चिट्टा (हेरोइन) की तस्करी में सक्रिय था। वह खास तौर पर क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों और स्थानीय युवाओं को नशा बेचने का काम करता था। इसी वजह से वह पुलिस की नजर में आदतन अपराधी की श्रेणी में शामिल था।

दो अन्य तस्कर भी गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई में सोलन पुलिस ने 9.72 ग्राम चिट्टा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरेश कुमार निवासी ढली (शिमला) और सुनील कुमार निवासी कोटखाई (शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चिट्टा बरामद करने के साथ-साथ इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गर्मी के बीच तेज बारिश का अलर्ट जारी : कई जिलों में आएगा तूफान, ओले भी बरसेंगे

16 आदतन अपराधियों पर हो चुकी कार्रवाई

एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 16 आरोपियों के खिलाफ धारा 3(1), PIT NDPS Act, 1988 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निवारक हिरासत में भेजा जा चुका है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी अस्पताल में मरीजों को परोसी फफूंद लगी ब्रेड- वीडियो वायरल, ठेकेदार सस्पेंड

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसपी ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सोलन पुलिस की कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें