मंडी। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुलिस टीम आए दिन गश्त और छापामारी कर नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर पांच तस्करों को अरेस्ट किया है।
रसोई में डिब्बे के अंदर छिपा रखा था चिट्टा
पहले मामले में एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मंडी के मंदलोग का रहने वाला 39 वर्षीय गुलाब सिंह उर्फ बंशू अपने घर से चिट्टा बेच रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोई में खाने के सामान वाले डिब्बे से 17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा पर आए दो श्रद्धालुओं की थमी सांसें, लंगर सेवा करते पड़ा दिल का दौरा
चिट्टे के साथ छोटी मशीन और सिरिंज भी मिली
पुलिस ने मौके से एक छोटी इलेक्ट्रॉनिक मशीन और इंजेक्शन की सिरिंज भी बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जोगेंद्रनगर में घर से चार लोग गिरफ्तार
दूसरे मामले में पुलिस ने जोगेंद्रनगर में एक घर पर दबिश देकर 11.48 ग्राम चिट्टे के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गौरव, संदीप, विक्रम बख्शी और देशराज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से जले हुए नोट, सिरिंज और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में अब डाकिया नहीं, ड्रोन पहुंचा रहा चिट्ठियां : 10 मिनट में घर-घर पहुंच रही डाक
पहले भी आपराधिक मामलों में रहे हैं शामिल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों लोग पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे थे। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
टारना रोड पर पिकअप से भी पकड़ा चिट्टा
एक अन्य मामले में पुलिस ने मंडी के टारना रोड पर पिकअप गाड़ी में सवार दो लोगों से 8.8 ग्राम चिट्टा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान विक्रांत सिंह निवासी जवाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में पंजाबी चला रखा था चिट्टे का नेटवर्क : गो**लीकांड तक करवाया, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस कर रही मामले की जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
