नाहन। आज के इस दौर में जहां मानवीय संवेदनाएं दम तोड़ रही हैं, वहीं जमीन के एक टुकड़े और धन-संपत्ति के लिए सगे रिश्ते भी खून के प्यासे हो रहे हैं। भाई-भाई के बीच बढ़ती इस कलयुगी दुश्मनी का एक जीता-जागता और दिल दहला देने वाला उदाहरण सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन से सामने आया है। यहां बड़ा चौक क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद इस कदर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया कि छोटे भाई ने अपनी विधवा भाभी के साथ मिलकर अपने ही बड़े भाई पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस सनसनीखेज वारदात में छोटे भाई ने दराट (तेजधार हथियार) से वार कर बड़े भाई के दाहिने हाथ का अंगूठा ही शरीर से काटकर अलग कर दिया।
दुकान की सफाई के दौरान अचानक भड़का विवाद
पुलिस को सौंपे गए बयान के मुताबिक, यह खौफनाक मंजर बुधवार को उस वक्त सामने आया जब रतन भवन (रानीताल) निवासी राम प्रकाश अपनी बड़ा चौक स्थित दुकान में मजदूरों के साथ मिलकर सफाई का काम करवा रहे थे। इसी दौरान वहां उनका छोटा भाई दुर्गेश और स्वर्गीय भाई की पत्नी (विधवा भाभी) नीलम आ पहुंचे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कुरकुरे-दूध के पैकेट में चिट्टा तस्करी, आमने-सामने की बजाय लोकेशन भेज होती थी डिलीवरी
दोनों ने दुकान की सफाई का काम जबरन रुकवाने का प्रयास किया, जिसे लेकर देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई और बात हद से ज्यादा बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने पास से एक तेजधार दराट उठा लिया और बड़े भाई पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार फिर बनी हिमाचल का सहारा, आपदा प्रभावित स्कूलों को सुधारने के लिए जारी किए करोड़ों रुपए
गर्दन पर वार की कोशिश, कटा अंगूठा
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपी ने बड़े भाई की गर्दन को निशाना बनाया था। अचानक हुए हमले से खुद को बचाने के लिए पीड़ित ने अपना हाथ आगे कर दिया। इसी दौरान दराट का तेज वार सीधे हाथ पर पड़ा और उसका अंगूठा कटकर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
विधवा भाभी पर भी आरोप
मामले में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उसकी विधवा भाभी भी छोटे भाई के साथ मौजूद थी और उसने हमलावर का साथ दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक और संपत्ति संबंधी विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : ओमान में तेल टैंकर पर अमेरिका ने किया ह.मला, हिमाचली युवक सहित 3 भारतीयों की मौ*त
वारदात से सहमा शहर
घटना की खबर फैलते ही पूरे नाहन शहर में चर्चा का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि जिस परिवार में भाई एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी होते हैं, वहां अब संपत्ति और जमीन के लिए खून के रिश्ते भी दुश्मनी में बदलते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पारिवारिक विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना समाज के लिए चिंता का विषय है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बनेगी अटल टनल से भी बड़ी सुरंग, सालभर खुला रहेगा मनाली-लेह मार्ग
रिश्तों पर भारी पड़ रही संपत्ति की लड़ाई
नाहन की यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक हालात की भी तस्वीर पेश करती है। जमीन और संपत्ति के विवाद किस तरह परिवारों को तोड़ रहे हैं और रिश्तों में जहर घोल रहे हैं, यह घटना उसका एक दर्दनाक उदाहरण बनकर सामने आई है।
