#हादसा
June 11, 2026
ओमान में तेल टैंकर पर अमेरिका ने किया ह.मला, हिमाचली युवक सहित 3 भारतीयों की मौ*त
कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर सेवाएं दे रहे थे आदित्य
शेयर करें:

हमीरपुर। ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच हिमाचल प्रदेश के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। जहां ओमान के तट के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले की घटना ने हिमाचल प्रदेश के एक युवा नाविक की मौत हो गई है। इस हादसे में प्रदेश के जिला हमीरपुर के 23 वर्षीय युवा सहित तीन भारतीयों की मौत बताई जा रही है।
रिपोर्टों के मुताबिक, यह दुखद घटना उस समय हुई जब पलाऊ के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर गंभीर हमला हुआ। बताया जा रहा है कि जहाज पर कुल 24 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से अधिकांश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन भारतीयों के जान गंवाने की खबर सामने आई है।
हिमाचल प्रदेश से संबंधित मृतक की पहचान 23 वर्षीय आदित्य शर्मा के रूप में हुई है, जो हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र का निवासी था और जहाज पर डेक कैडेट के पद पर कार्यरत था।
आदित्य समुद्री क्षेत्र में अपना करियर बना रहे थे और कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक की लहर फैल गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आदित्य मेहनती और होनहार युवा थे तथा उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर परिवार को काफी उम्मीदें थीं। अचानक आई इस खबर ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
प्राप्त हो रही सूचनाओं के अनुसार घटना में तेल टैंकर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और घटना की परिस्थितियों को लेकर संबंधित एजेंसियां जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।
वहीं, केंद्र सरकार और समुद्री मामलों से जुड़े विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मृतक के परिवार के प्रति विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। पूरे हमीरपुर जिले में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।