कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर की पीओ (उद्घोषित अपराधी) सेल को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने NDPS एक्ट के दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रही एक महिला को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी।
दो NDPS मामलों में थी वांछित
गिरफ्तार महिला की पहचान राजेश कुमारी (50) पत्नी राकेश कुमार निवासी गांव तमोटा, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ इंदौरा थाना में वर्ष 2019 और 2020 में NDPS एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस का 'ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट', एक ही रात में 95 वाहन चालकों पर कसा शिकंजा; काटे चालान
कोर्ट ने घोषित किया था उद्घोषित अपराधी
पुलिस ने बताया कि बार-बार अदालत में पेश न होने के कारण 20 अप्रैल 2026 को सक्षम न्यायालय ने राजेश कुमारी को उद्घोषित अपराधी (पीओ) घोषित कर दिया था। इसके बाद नूरपुर पुलिस की पीओ सेल लगातार उसकी तलाश में जुटी रही। आखिरकार 18 जुलाई 2026 को उसे पंजाब के टिब्बा, लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया।
मेडिकल के बाद जांच अधिकारी को सौंपा
गिरफ्तारी के बाद महिला का सिविल अस्पताल इंदौरा में मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी उसके बेटे राजीव को फोन पर दी। इसके बाद आरोपी महिला को आगे की कार्रवाई के लिए थाना इंदौरा के जांच अधिकारी के हवाले कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में प्रकृति का रौद्र रूप: भरभरा कर दरका पहाड़, भयानक मंजर देख लोगों की निकली चीखें; VIDEO
अब कोर्ट में होगी पेशी
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ दर्ज दोनों एनडीपीएस मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
