चंबा। हिमाचल प्रदेश में बढ़ता मानसिक तनाव अब युवाओं के लिए गंभीर चिंता का कारण बनता जा रहा है। इसी बीच चंबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग गहरे सदमे में हैं।

घर और जमीन को लेकर परिवार में हुआ विवाद 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिला चंबा के भटियात क्षेत्र से पेश आया है। यहां पर तुनुहट्‌टी पंचायत के जंद्राह गांव की रहने वाली सिमरन, जो अपनी तीनों बहनों में सबसे छोटी थी, पिछले कुछ समय से घर में चल रहे विवादों को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले घर और जमीन को लेकर परिवार में कहासुनी हुई थी। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सख्त कानून लागू : धमकी देने पर सीधे होगी जेल, पुलिस को मिली खुली छूट

युवती ने घर पर रखा जहरीला पदार्थ खा लिया  

जिसके बाद से वह काफी तनाव में थी। इसी तनाव के चलते उसने किसी को बिना बताए घर में रखी दवाई खा ली। दवाई खाने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसकी मां उसे तुरंत नजदीकी क्लिनिक लेकर गई, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि वहां से कोई खास सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे चुवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

खुद किया जहर खाने का खुलासा

परिवार को उस समय तक यह नहीं पता था कि सिमरन ने जहरीला पदार्थ खाया है। इसी दौरान एक रिश्तेदार ने जब उससे बातचीत की और पूछा कि सभी टेस्ट ठीक आने के बावजूद उसकी हालत क्यों नहीं सुधर रही, तब सिमरन ने खुद बताया कि उसने दवाई खाई है। यह सुनते ही अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे तुरंत किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी : बढ़ते तापमान से बीमार पड़ रहे लोग, जानिए बचाव के आसान तरीके

इलाज के दौरान तोड़ा दम 

परिजन उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान सिमरन ने दम तोड़ दिया।

मोबाइल में मिला सुसाइड नोट, मां के लिए न्याय की गुहार

इस घटना के बाद जब परिवार ने सिमरन का मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें एक सुसाइड नोट मिला। इस नोट में सिमरन ने अपनी मां के साथ रिश्तेदारों द्वारा किए गए झगड़ों का जिक्र किया था और कुछ लोगों के नाम भी लिखे थे। उसने पुलिस से अपील की थी कि उसकी मां को न्याय दिलाया जाए। नोट के अंत में उसने लिखा कि वह अपनी मां का दुख और नहीं देख सकती, इसलिए यह कदम उठा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में समाई कार, घर जा रहे थे पति-पत्नी; नहीं मिला संभलने का मौका, मची चीख-पुकार

पुलिस कर रही मामले की जांच 

बीते शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद सिमरन का शव उसके घर लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। SP  विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें