मंडी। अकसर पति-पत्नी के रिश्ते में हल्की नोकझोंक को उसकी मजबूती माना जाता है। मगर हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से सामने आए एक मामले ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब एक पति-पत्नी मोबाईल चलाने को लेकर बहसबाजी कर रहे थे। जिसके बाद दोनों ने पुलिस थाना में एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज करवा दी है।
पति पर फेंका उबलता हुआ दूध
दरअसल, मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के जमनौण गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। पति का आरोप है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए झगड़े के बाद पत्नी ने गुस्से में उस पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया, जिससे वह झुलस गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्मार्ट मीटर का जोरदार झटका: दुकानदार को आया 72 हजार बिजली बिल; उड़े होश
36 वर्षीय धर्मपाल को इस घटना में चेहरे, छाती और पेट पर जलने की चोटें आईं। परिवार के लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए बलद्वाड़ा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी।
पत्नी को मोबाईल चलाने से रोका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना उस समय हुई जब पत्नी नीना कुमारी देर तक मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रही थी। पति ने उसे फोन बंद करने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ऐसी पत्नी से भगवान बचाए! पति ने फोन चलाने से रोका- तो उस पर फेंक दिया उबलता दूध
विवाद बढ़ने पर महिला रसोई में गई और वहां रखा उबलता दूध पति पर फेंक दिया, जिससे वह झुलस गया। इस मामले में धर्मपाल की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति के खिलाफ भी केस दर्ज
वहीं दूसरी ओर नीना कुमारी ने भी अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब पीकर मारपीट और गाली-गलौज करता है। उसने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी उसके पति ने चाकू से धमकाकर उसके साथ मारपीट की थी। महिला ने मेडिकल करवाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अफसरों का बड़ा कारनामा! तय से अधिक वसूली सैलरी, सरकारी खर्चे पर किया सैर सपाटा
यह बोले एसपी मंडी
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि, पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों के बीच पहले भी घरेलू विवाद के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
