चंबा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से ममता को कलंकित और इंसानियत को पूरी तरह से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी महिला ने सामाजिक लोक-लाज या किसी अन्य क्रूर वजह से अपने पांच महीने के अजन्मे बच्चे (भ्रूण) को यूं ही एक गंदी नाली में फेंक दिया। इस खौफनाक और बेरहम कृत्य का खुलासा तब हुआ जब इलाके में हुई भारी बारिश के चलते नाली का पानी उफान पर आया और यह अभागा भ्रूण भी पानी के तेज बहाव में बहता हुआ मुख्य सड़क तक आ पहुंचा।

नाली में बहकर आया भ्रूण लोग देख रह गए दंग

यह हिलाकर रख देने वाला मामला चंबा जिला के उपमंडल भरमौर के ओबड़ी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम को इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी तेज बारिश के दौरान आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) कार्यालय के पास बनी सड़क किनारे की नाली में पानी का बहाव तेज हो गया।

 

तभी वहां से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर पानी में बहती हुई एक अजीब सी चीज पर पड़ी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उनकी रूह कांप गई; वह एक पांच महीने का इंसानी भ्रूण था। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में भीषण हा.दसा: पार्वती नदी में गिरा पर्यटक वाहन, 3 की मौ*त; दो घायल

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घिनौने कृत्य को अंजाम देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। भ्रूण को तुरंत पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है, ताकि उसकी उम्र और मौत के सही कारणों का वैज्ञानिक तौर पर पता लगाया जा सके।

बेरहम मां की तलाश में जुटी पुलिस

इस घटना ने पूरे चंबा शहर को झकझोर कर रख दिया है। अब चंबा पुलिस मुस्तैदी से उस कलयुगी मां को ढूंढ रही है, जिसने दुनिया में कदम रखने से पहले ही अपनी कोख के इस अंश को नाली के गंदे पानी में छोड़ दिया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह भ्रूण कहां से बहकर आया था।

 

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले 24 घंटे फ्लैश फ्लड का अलर्ट, 5 जिलों में होगी भारी बारिश -तूफान

क्या कहते हैं एसपी चंबा

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा कि घटना के हर पहलू की बारीकी और गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के सभी अस्पतालों, क्लीनिकों और दाइयों से पिछले कुछ दिनों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। दोषी महिला और इस अपराध में उसका साथ देने वालों की पहचान करने के लिए आवश्यक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं, उन्हें जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : IND vs AFG: वनडे मैच पर बारिश का साया, इंद्रुनाग के दर पहुंचे अनुराग संग HPCA; मांगा आशीर्वाद

 

वहीं इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग यह भी मान रहे हैं कि शायद कोई बिन ब्याही लड़की मां बन गई हो या फिर किसी महिला का गर्भपात हो गया हो और उसके बाद उसके भ्रूण को कहीं दबाने की बजाय ऐसे ही नाली में फेंक दिया गया हो। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें