हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक कथित फर्जी विवाह का मामला सामने आया है। इस मामले में बड़सर क्षेत्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित दुल्हन और शादी करवाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

फर्जी दुल्हन और बिचौली अरेस्ट

आरोप है कि युवक को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शादी के जाल में फंसाया गया और बाद में विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में घर छोड़कर चली गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।

यह भी पढ़ें- 15 जून को शपथ लेंगे प्रधान और उपप्रधान: CM- मंत्री होंगे शामिल, विक्रमादित्य का नाम लिस्ट से बाहर

फरवरी में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, मामला थाना बड़सर के तहत आने वाले गलोड़ क्षेत्र का है। पीड़ित युवक मनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी फरवरी 2026 में पंजाब के अमृतसर में करवाई गई थी।

पति को हुआ शक

विवाह के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य प्रतीत हुआ। मगर कुछ समय बाद उसे अपनी पत्नी द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर संदेह होने लगा। युवक ने जब अपने स्तर पर दस्तावेजों की जांच करवाई तो कथित तौर पर कई महत्वपूर्ण कागजात संदिग्ध और फर्जी पाए गए।

यह भी पढ़ें- CM सुक्खू को हाईकोर्ट से करारा झटका: हिमकेयर योजना के फैसले पर लगाई रोक, मांगा जवाब

परिवार को मिलने लगी धमकियां

इसके बाद उसके मन में पूरे विवाह को लेकर शंकाएं और बढ़ गईं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में सवाल उठाने शुरू किए तो उसे और उसके परिवार को धमकियां मिलने लगीं।

7 लाख रुपये हुए खर्च

युवक का कहना है कि शादी की पूरी प्रक्रिया में उसका करीब सात लाख रुपये का खर्च हुआ है। उसने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उसे आर्थिक नुकसान की भरपाई दिलाई जाए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंजाब से चल रहा चिट्टा नेटवर्क ध्वस्त : 19 गिरफ्तार, पुलिस रडार पर 184 लोग

जम्मू जाने का बहाना

मामले में नया मोड़ तब आया जब कथित दुल्हन चार दिन पहले घर से जम्मू जाने की बात कहकर निकली, लेकिन वह निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बजाय पंजाब के बटाला क्षेत्र में चली गई। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।

पहुंच गई पंजाब

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में हिंदू संघर्ष समिति के 2 नेता अरेस्ट : मुस्लिम युवकों से की मा.रपीट, युवती से जुड़ा है मामला

फर्जी दुल्हन को जाल में फंसाया

महिला तक सीधे पहुंच न बनने पर पुलिस ने रणनीति तैयार की और उसे बड़सर आने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की योजना सफल रही और महिला बड़सर पहुंच गई, जहां पहले से मौजूद टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।

दुल्हन और बिचौली गिरफ्तार

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर शादी करवाने में कथित भूमिका निभाने वाली बिचौलिया महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का मानना है कि दोनों से पूछताछ के दौरान पूरे मामले के कई अहम पहलुओं का खुलासा हो सकता है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस तरह के अन्य मामलों में भी इनका कोई संबंध रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 300 ग्राम सोने की चमक ने तोड़े रिश्ते- दुश्मन बना परिवार, मा.रपीट के बाद क्रॉस FIR दर्ज

किसी बड़े नेटवर्क का हाथ

जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी गौर कर रही हैं कि कहीं यह मामला किसी बड़े नेटवर्क या विवाह के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह से तो जुड़ा नहीं है। पुलिस दस्तावेजों की सत्यता, वित्तीय लेन-देन और विवाह की पूरी प्रक्रिया की बारीकी से जांच कर रही है।

अदालत में पेश किए जाएंगे आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस रिमांड मिलने की स्थिति में उनसे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित फर्जी दस्तावेज कहां तैयार किए गए और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : नगर परिषद में महिलाओं का जलवा, एक वोट से तय हुआ अध्यक्ष पद- निर्दलीयों ने पलटी गेम

शादी करने वाले हो जाएं सावधान

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण मामलों में दस्तावेजों और पहचान संबंधी तथ्यों की पूरी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें- ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें