मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज सुबह पुलिस थाना औट की टीम ने NH-03 पर नियमित नाकाबंदी और वाहन चेकिंग के दौरान लाखों की चरस बरामद की है।
लाखों की चरस बरामद
जानकारी के अनुसार, थाना औट की पुलिस टीम थलौट स्थित थाना गेट पर नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुल्लू से दिल्ली की ओर जा रही एक निजी वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल का पावर कपल : एक ही जिले में दोनों ने संभाला SDM का पदभार, संघर्ष से पाया मुकाम
वॉल्वो बस में बैठे थे तस्कर
बस में सवार दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.645 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
- घनश्याम निवासी जिला रेवाड़ी, हरियाणा
- मोहन लाल निवासी तहसील भुंतर, कुल्लू
यह भी पढ़ें- हिमाचल में पूर्व MLA ने किया घोटाला : गरीबों के खाते में डाले पैसे वापस मांगे, अब खुली पोल
कहां से लाए थे खेप?
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना औट में NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद चरस का स्रोत क्या है, इसे कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस व्यक्ति या नेटवर्क तक की जानी थी। पुलिस इस मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में चंद्रभागा नदी का रौद्र रूप : 3 गांवों का दुनिया से टूटा संपर्क- कई मकानों को खतरा
पूरे नेटवर्क का होगा भंडाफोड़
SP मंडी विनोद कुमार ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार और प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है।
पुलिस की लोगों से अपील
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या मादक पदार्थों से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें- ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
